पोखड़ा में श्रमिक पंजीकरण शिविर, सतपाल महाराज बोले- श्रमिकों के पसीने से लिखी जा रही विकास की नई इबारत

 

पोखड़ा (पौड़ी)। चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड पोखड़ा मुख्यालय स्थित ब्लॉक सभागार में सोमवार को श्रम विभाग की ओर से श्रमिक पंजीकरण एवं नवीनीकरण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने क्षेत्रीय जनता और जनप्रतिनिधियों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।

सतपाल महाराज ने कहा कि प्रदेश और देश के विकास में श्रमिकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। सड़क, भवन निर्माण, औद्योगिक क्षेत्रों और अन्य श्रम आधारित कार्यों में श्रमिकों के योगदान के बिना विकास की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा, “श्रमिक केवल श्रम नहीं करता, बल्कि अपने पसीने से प्रदेश के विकास की नई इबारत लिखता है।” सरकार का उद्देश्य है कि श्रमिकों को उनके अधिकारों और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से मिले।

पंजीकरण से मिलती हैं कई योजनाओं की सुविधाएं

महाराज ने श्रमिकों से अपील की कि वे समय पर अपना पंजीकरण कराएं और जिनका पंजीकरण पहले से है, उसका नवीनीकरण अवश्य कराएं। उन्होंने बताया कि पंजीकृत श्रमिकों और उनके परिवारों को शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा समेत विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने में सहायता मिलती है। उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से श्रमिकों को पंजीकरण और नवीनीकरण के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। सरकार का प्रयास है कि सुविधाएं केवल कार्यालयों तक सीमित न रहें, बल्कि जनता के द्वार तक पहुंचें।

अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

कैबिनेट मंत्री ने विभागीय अधिकारियों से कहा कि शिविर में आने वाले प्रत्येक श्रमिक को पंजीकरण एवं नवीनीकरण की प्रक्रिया की जानकारी सरल भाषा में उपलब्ध कराई जाए। पात्र श्रमिकों को योजनाओं का लाभ समय पर मिले और किसी भी श्रमिक को अनावश्यक परेशानी न हो, यह सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान पोखड़ा मंडल अध्यक्ष शैलेन्द्र दर्शन, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुयश रावत, जिला महामंत्री महिपाल सिंह नेगी, ब्लॉक प्रमुख संजय गुसाईं, एसडीएम रेखा आर्य, खंड विकास अधिकारी एसपी शाह, विधायक प्रतिनिधि प्रभुशरण बुडाकोटी, जिला पंचायत सदस्य बलवंत नेगी समेत कई जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज का पुष्पगुच्छ एवं शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया।

संवाददाता - प्रवचन सिंह 
 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.