तपती सड़कों पर राहत की सबील, प्यासे राहगीरों के लिए फरिश्ता बनी ग़रीब नवाज़ रिलीफ फाउंडेशन

प्रयागराज : लगातार बढ़ रही गर्मी और झुलसा देने वाली तपिश के बीच इंसानियत की सेवा का अनूठा उदाहरण पेश करते हुए दावत-ए-इस्लामी हिंद के कल्याणकारी विभाग ग़रीब नवाज़ रिलीफ फाउंडेशन द्वारा शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर ठंडे शरबत और शुद्ध पेयजल की सबीलें लगाई गई हैं। चिलचिलाती धूप में सफर करने वाले यात्रियों, मेहनतकश मजदूरों और राहगीरों के लिए यह पहल किसी राहत शिविर से कम नहीं साबित हो रही है। गर्मी के प्रकोप से बेहाल लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से शुरू की गई इस जनसेवा मुहिम के तहत बस अड्डों, रेलवे स्टेशन और व्यस्त बाजारों के आसपास विशेष रूप से सबीलों की व्यवस्था की गई है,ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोग इसका लाभ उठा सकें। इन स्टॉलों पर ठंडा शरबत और स्वच्छ, फिल्टर किया हुआ पानी पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है। ग़रीब नवाज़ रिलीफ फाउंडेशन के जिम्मेदारों ने बताया कि बढ़ते तापमान के बीच पानी की उपलब्धता सबसे बड़ी आवश्यकता बन जाती है। ऐसे में संस्था का प्रयास है कि कोई भी व्यक्ति प्यास से परेशान न हो और उसे समय पर राहत मिल सके। संस्था के स्वयंसेवक पूरे दिन स्टॉलों पर मौजूद रहकर लोगों को पानी और शरबत वितरित कर रहे हैं। सिविल लाइंस बस अड्डा स्थित मस्जिद के पेश इमाम हाफिज जुल्फिकार साहब के नेतृत्व में प्रयागराज इकाई के जिम्मेदार मोहम्मद खालिद अत्तारी, रिजवान शेख, जीशान अत्तारी, मोहम्मद इमरान आसिफ अत्तारी, गुलाम नबी, अरशद अत्तारी तथा रिजवान अत्तारी सहित अनेक कार्यकर्ता सेवा कार्य में जुटे हुए हैं। टीम यह भी सुनिश्चित कर रही है कि पेयजल पूरी तरह स्वच्छ और स्वास्थ्य मानकों के अनुरूप हो। संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। गर्मी के इस कठिन दौर में लोगों की प्यास बुझाना और उन्हें राहत पहुंचाना ही इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने समाज के लोगों से भी अपील की कि वे ऐसे जनहित और मानवता आधारित कार्यों में बढ़-चढ़कर सहयोग करें। उल्लेखनीय है कि ग़रीब नवाज़ रिलीफ फाउंडेशन देशभर में आपदा राहत, गरीबों की सहायता, निःशुल्क चिकित्सा सेवाएं, पर्यावरण संरक्षण तथा वृक्षारोपण जैसे अनेक सामाजिक और मानवीय कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाता रहा है। संस्था की यह पहल न केवल लोगों को गर्मी से राहत दे रही है, बल्कि समाज में सेवा, सहयोग और इंसानियत का संदेश भी मजबूती से पहुंचा रही है।

रिपोर्टर : जाबिर अली 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.