‘एक शाम शहीदों के नाम’ में देशभक्ति से सराबोर हुआ प्रयागराज, तिरंगा यात्रा निकाल शहीदों को किया नमन

प्रयागराज : स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर लोकनाथ चौराहा स्थित प्रयागराज चौक में शुक्रवार शाम देशभक्ति और भावनाओं से ओतप्रोत ‘एक शाम शहीदों के नाम’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रयाग सर्राफा मंडल के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर श्रद्धांजलि रैली निकाली और मोमबत्ती जलाकर देश के अमर शहीदों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

रैली में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर वर्ग के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। छोटे-छोटे बच्चे भी हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के रंग में नजर आए और शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। तिरंगे से सजे मार्ग और देशभक्ति के नारों से पूरा वातावरण राष्ट्रप्रेम की भावना से सराबोर हो गया।

कार्यक्रम के दौरान शहीदों की याद में मोमबत्तियां जलाकर दो मिनट का मौन रखा गया। उपस्थित लोगों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर सपूतों को नमन करते हुए कहा कि आज हम जिस स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं, वह हमारे वीर शहीदों के त्याग, तपस्या और बलिदान का परिणाम है। उनके बलिदान को देश कभी भुला नहीं सकता।

आयोजकों ने कहा कि ‘एक शाम शहीदों के नाम’ का उद्देश्य नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के बलिदान से परिचित कराना और उनमें राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना है। कार्यक्रम में मौजूद बच्चों और युवाओं की भागीदारी ने यह संदेश दिया कि देश के वीर सपूतों की शहादत आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणा बनी रहेगी।

इस दौरान ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘जय हिंद’ के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर देश की एकता, अखंडता और भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में प्रयाग सर्राफा मंडल के अध्यक्ष संजय वर्मा, महामंत्री विजय सोनी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरेंद्र सिंह लाली सरदार, मंत्री हसीन अहमद, मंत्री इंद्रनाथ वर्मा एवं मंत्री हरीश वर्मा सहित मंडल के पदाधिकारी, व्यापारीगण और बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे।

प्रयाग सर्राफा मंडल की इस पहल ने स्वतंत्रता दिवस की शाम को शहीदों के सम्मान और राष्ट्रप्रेम के संदेश से यादगार बना दिया। 

रिपोर्टर : जाबिर अली

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.