पुणे में रिक्शा से गांजा बेचने वाले रैकेट का भंडाफोड़, पुलिस की बड़ी कार्रवाई
पुणे - शहर में चलाए जा रहे “ड्रग्स मुक्त पुणे अभियान” के तहत भारती विद्यापीठ पुलिस ने रिक्शा के जरिए गांजा बेचने वाले एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पिछले चार दिनों में पुलिस ने एनडीपीएस (NDPS) कानून के तहत दो अलग-अलग मामले दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 35 किलो से अधिक गांजा और दो रिक्शा सहित करीब 8 लाख रुपये का माल जब्त किया है।पुलिस ने आंबेगांव बुद्रुक इलाके के हाईवे सर्विस रोड पर जाल बिछाकर मुख्य आरोपी चारुदत्त कालूराम चव्हाण (उम्र 25, निवासी फुरसुंगी, हडपसर) को गिरफ्तार किया। शुरुआत में उसके पास से 2 किलो गांजा बरामद हुआ। आगे की जांच में आरोपी द्वारा छिपाकर रखा गया लगभग 33 किलो गांजा भी पुलिस ने बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत 6 लाख 54 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुणे शहर के पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में भारती विद्यापीठ पुलिस स्टेशन के सहायक पुलिस निरीक्षक स्वप्नील पाटिल और उनकी टीम ने यह सफल कार्रवाई की। फिलहाल पुलिस इस रैकेट से जुड़े अन्य आरोपियों और नेटवर्क की तलाश में जुटी हुई है। यह कार्रवाई पुणे पुलिस की नशे के खिलाफ सख्त नीति का बड़ा उदाहरण मानी जा रही है। शहर को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस लगातार अपने प्रयास तेज कर रही है।
संवादाता - यश सोलंकी

No Previous Comments found.