पुणे जहरीली शराब कांड: हडपसर थाने के तीन पुलिस अधिकारी निलंबित,जांच तेज
पुणे - जहरीली शराब कांड के बाद बड़ी कार्रवाई करते हुए पुणे पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने ड्यूटी में कथित लापरवाही के आरोप में हडपसर पुलिस थाने से जुड़े तीन पुलिस अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। अब तक पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ में इस हादसे में 10 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। निलंबित अधिकारियों में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संजय मोगले, सहायक पुलिस निरीक्षक हसीना शिकलगर और पुलिस उपनिरीक्षक हसन मुलानी शामिल हैं। यह कार्रवाई हडपसर क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार पर अंकुश लगाने में कथित विफलता को लेकर बढ़ती आलोचनाओं के बीच की गई है,जहां जहरीली शराब पीने से कई लोगों की जान चली गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हडपसर पुलिस थाने के अधिकार क्षेत्र में अवैध शराब गतिविधियों की निगरानी और उन पर कार्रवाई में गंभीर चूक सामने आने के बाद निलंबन का आदेश जारी किया गया।
जहरीली शराब कांड के बाद पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ में व्यापक आक्रोश देखने को मिला है। मामले की जांच तेज कर दी गई है और अवैध शराब के निर्माण एवं वितरण नेटवर्क का पता लगाने के लिए पुलिस और आबकारी विभाग की टीमें संयुक्त रूप से कार्रवाई कर रही हैं। इस रैकेट से जुड़े कई ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही है। मामले की आगे की जांच राज्य सीआईडी (CID) द्वारा की जा रही है।
संवादाता - यश सोलंकी
No Previous Comments found.