विधवा, परित्यक्ता, तलाकशुदा व अविवाहित महिलाओं का होगा पंजीकरण
दौंड - शहर की एकल महिलाओं को विभिन्न सरकारी एवं सामाजिक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से विशेष पंजीकरण एवं सर्वेक्षण अभियान शुरू किया गया है। दौंड नगर परिषद के महिला एवं बाल कल्याण विभाग की ओर से शहर की विधवा, परित्यक्ता, तलाकशुदा तथा अविवाहित जरूरतमंद एवं पात्र महिलाओं से इस अभियान में अपना पंजीकरण कराने की अपील की गई है। इस सर्वेक्षण का मुख्य उद्देश्य शहर की एकल महिलाओं की सटीक जानकारी संकलित कर उन्हें उपलब्ध सरकारी एवं सामाजिक योजनाओं से जोड़ना है। साथ ही महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के विभिन्न अवसरों की जानकारी और आवश्यक मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाएगा।
अभियान के तहत पात्र महिलाओं का विवरण दर्ज करने के साथ ही उनकी जरूरतों का आकलन किया जाएगा। विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्रता के अनुसार उनका लाभ प्राप्त करने में सहायता करने पर विशेष जोर रहेगा। पंजीकरण एवं सर्वेक्षण पूरी तरह नि:शुल्क है। इच्छुक महिलाओं से जनकल्याण कार्यालय, हुतात्मा चौक, पुरानी नगरपालिका वाचनालय के पास, दौंड में संपर्क करने का आह्वान किया गया है। एकल महिलाओं को सरकारी योजनाओं की मुख्यधारा से जोड़कर सामाजिक और आर्थिक रूप से सक्षम बनाने की दिशा में यह सर्वेक्षण महत्वपूर्ण माना जा रहा है। शहर की पात्र महिलाओं से इस अवसर का लाभ उठाकर 1 सितंबर 2026 तक पंजीकरण कराने की अपील आयोजकों द्वारा की गई है।
रिपोर्टर - प्रमोद दत्तात्रय काकडे
No Previous Comments found.