सार्वजनिक उपक्रम समिति ने विदर्भ में उद्योग, वन, सिंचाई और बुनियादी परियोजनाओं का लिया जायजा

पुणे : महाराष्ट्र विधानमंडल की सार्वजनिक उपक्रम समिति ने समिति के अध्यक्ष तथा दौंड के विधायक एड. राहुल कुल के नेतृत्व में गडचिरोली, चंद्रपुर और नागपुर जिलों का महत्वपूर्ण अध्ययन दौरा पूरा किया। इस दौरान औद्योगिक विकास, वन प्रबंधन, कौशल विकास, बुनियादी सुविधाओं, सिंचाई परियोजनाओं तथा विभिन्न सरकारी महामंडलों के कामकाज का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया गया।

विधायक राहुल कुल ने बताया कि नक्सल प्रभावित और दुर्गम क्षेत्रों में उद्योगों के माध्यम से स्थानीय युवाओं को रोजगार देना, प्राकृतिक संसाधनों का पर्यावरण के अनुकूल उपयोग करना तथा सरकारी उपक्रमों के कामकाज में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाना समिति की प्राथमिकता है।
गडचिरोली में औद्योगिक विकास और रोजगार का जायजा
समिति ने गडचिरोली जिले के कोनसरी स्थित ‘लॉयड्स मेटल्स एंड एनर्जी लिमिटेड’ के डायरेक्ट रिड्यूस्ड आयरन एवं पेलेट उत्पादन संयंत्र का निरीक्षण किया। इसके बाद सूरजागढ़ लौह अयस्क खदान परियोजना का दौरा किया गया। इन परियोजनाओं से स्थानीय आदिवासियों और शिक्षित युवाओं को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने के साथ ही पलायन पर अंकुश लगा है। विधायक कुल ने परियोजना प्रबंधन को रोजगार में स्थानीय भूमिपुत्रों को प्राथमिकता देने के स्पष्ट निर्देश दिए।
समिति ने हेड्री स्थित ‘लॉयड्स कलियाम्मल मेमोरियल हॉस्पिटल’ में उपलब्ध एमआरआई, सीटी स्कैन, एनआईसीयू और पीआईसीयू जैसी आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। स्थानीय विद्यालय, ‘एलटी गोंडवाना’ आजीविका परियोजना और महिलाओं द्वारा संचालित ‘वन्या गारमेंट्स’ केंद्र का दौरा कर महिला सशक्तीकरण तथा सीएसआर निधि से चल रहे कार्यों की समीक्षा की गई।
चंद्रपुर में आधुनिक वन प्रबंधन और कौशल विकास
चंद्रपुर प्रवास के दौरान समिति ने बल्लारशाह के सरकारी लकड़ी डिपो का निरीक्षण किया। इसी डिपो से नए संसद भवन और अयोध्या के श्रीराम मंदिर के निर्माण के लिए उच्च गुणवत्ता वाली सागौन लकड़ी की आपूर्ति की गई थी। समिति ने लकड़ी की आपूर्ति प्रक्रिया और उसकी तकनीकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली।
इसके बाद ‘चंद्रपुर वन प्रशासन, विकास एवं प्रबंधन अकादमी’ में आयोजित बैठक में वन संरक्षण के लिए जीआईएस, जीपीएस, ड्रोन और रिमोट सेंसिंग तकनीक के उपयोग तथा मानव-वन्यजीव संघर्ष निवारण प्रशिक्षण की समीक्षा की गई। स्थानीय युवाओं के लिए संचालित ऑटोमोबाइल, हॉस्पिटैलिटी, टूर गाइड और जेसीबी ड्राइविंग जैसे कौशल विकास कार्यक्रमों की समिति ने सराहना की।
नागपुर में मिहान, विमानतल और मेट्रो का निरीक्षण
नागपुर में समिति ने मल्टी-मॉडल इंटरनेशनल कार्गो हब एंड एयरपोर्ट एट नागपुर (मिहान) तथा डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय विमानतल परिसर का निरीक्षण किया। विमानतल की वार्षिक यात्री क्षमता चरणबद्ध तरीके से 30 से 50 मिलियन तक बढ़ाने की प्रस्तावित योजना की जानकारी ली गई।
मिहान में अब तक 8,500 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश हुआ है और 1.26 लाख से ज्यादा रोजगार के अवसर उत्पन्न हुए हैं। समिति ने टाटा एडवांस्ड, रिलायंस राफेल असेंबली और इन्फोसिस जैसी प्रमुख परियोजनाओं का जायजा लिया। साथ ही परियोजना प्रभावित नागरिकों की पुनर्वास बस्तियों में सभी मूलभूत सुविधाएं निर्धारित समय में पूर्ण करने के निर्देश प्रशासन को दिए गए।
समिति के सदस्यों ने खापरी से रहाटे कॉलोनी तक नागपुर मेट्रो से यात्रा कर यात्री सेवा और तकनीकी सुविधाओं का निरीक्षण किया। इन्फोसिस तथा भारतीय प्रबंधन संस्थान नागपुर का दौरा कर आधुनिक प्रबंधन, कौशल विकास और रोजगार सृजन पर चर्चा की गई।
लंबित सिंचाई परियोजनाएं समय पर पूरी करने के निर्देश
सिंचाई भवन में विदर्भ पाटबंधारे विकास महामंडल के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में लंबित सिंचाई परियोजनाओं को समय पर पूरा कर अंतिम छोर के किसानों तक पानी पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
महाराष्ट्र राज्य खनिकर्म महामंडल के अधिकारियों के साथ खनिज संपदा का उचित उपयोग, सरकारी राजस्व में वृद्धि और कोयला आपूर्ति में पारदर्शिता लाने पर चर्चा हुई। वहीं, महाराष्ट्र राज्य हथकरघा महामंडल के अधिकारियों के साथ विदर्भ के बुनकरों का कल्याण, उत्पादों के प्रभावी विपणन और हथकरघा क्षेत्र को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के संबंध में विचार-विमर्श किया गया।
“विदर्भ के सर्वांगीण विकास के लिए ठोस सिफारिशें करेंगे”
“सार्वजनिक उपक्रम समिति के दौरे का उद्देश्य केवल परियोजनाओं का निरीक्षण करना नहीं, बल्कि सरकारी महामंडलों और सार्वजनिक उपक्रमों के कामकाज में पारदर्शिता, गति और जवाबदेही लाना है। स्थानीय भूमिपुत्रों को रोजगार में प्राथमिकता, पर्यावरण अनुकूल तकनीक का उपयोग तथा सीएसआर के माध्यम से स्वास्थ्य, शिक्षा और महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देना आवश्यक है। लंबित सिंचाई परियोजनाओं को समय पर पूरा करने सहित विदर्भ के सर्वांगीण विकास के लिए समिति राज्य सरकार को ठोस सिफारिशें करेगी।”
— एड. राहुल कुल, विधायक दौंड तथा अध्यक्ष, सार्वजनिक उपक्रम समिति
दौरे में विधायक मिलिंद नार्वेकर, रईस शेख, रणधीर सावरकर, हेमंत ओगले, मोहन मते, संभाजीराव कदम-कोहळीकर, सुलभाताई खोडके और अभिजित वंजारी सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ सरकारी अधिकारी तथा विभिन्न महामंडलों के प्रबंध निदेशक उपस्थित थे।

संवाददाता : प्रमोद दत्तात्रय काकडे 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.