नवश्या गणपति मंदिर में 20 सितंबर को सामूहिक अथर्वशीर्ष पाठ
पुणे : गणेशोत्सव के पावन अवसर पर दौंड शहर के श्री नवश्या गणपति मंदिर एवं श्री लखोबा देवस्थान की ओर से महिलाओं के लिए सामूहिक ‘श्री अथर्वशीर्ष पाठ’ समारोह का आयोजन किया गया है। यह धार्मिक कार्यक्रम रविवार, २० सितंबर को सुबह सात बजे श्री नवश्या गणपति मंदिर, मंत्री हाइट्स, कुंभार गली, दौंड में संपन्न होगा।
भगवान श्री गणेश की सामूहिक आराधना, महिलाओं में धार्मिक एवं आध्यात्मिक संस्कारों का संवर्धन तथा समाज में एकता और सकारात्मक ऊर्जा का प्रसार करने के उद्देश्य से इस समारोह का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम में शामिल महिलाएं सामूहिक रूप से श्री गणपति अथर्वशीर्ष का पाठ कर भगवान गणेश की आराधना करेंगी।
श्री गणपति अथर्वशीर्ष भगवान गणेश की महिमा का वर्णन करने वाला प्रभावशाली स्तोत्र माना जाता है। श्रद्धापूर्वक इसका पाठ करने से मन को शांति, एकाग्रता और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होने की धार्मिक मान्यता है। बड़ी संख्या में महिलाओं द्वारा एक स्वर में किए जाने वाले अथर्वशीर्ष पाठ से मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठेगा।
गणेशोत्सव के दौरान धार्मिक परंपराओं को बनाए रखने और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने की दृष्टि से यह उपक्रम विशेष महत्त्व रखता है। दौंड शहर तथा आसपास के क्षेत्रों की महिलाओं में इस सामूहिक पाठ समारोह को लेकर उत्साह दिखाई दे रहा है।
आयोजकों ने समारोह में शामिल होने वाली महिलाओं से निर्धारित समय से पहले मंदिर परिसर में उपस्थित रहने की अपील की है। कार्यक्रम में सहभागी प्रत्येक महिला श्रद्धालु को आयोजकों की ओर से विशेष भेंटवस्तु प्रदान की जाएगी।
दौंड शहर एवं आसपास के क्षेत्र की अधिक से अधिक महिलाओं से इस सामूहिक श्री अथर्वशीर्ष पाठ समारोह में शामिल होकर भगवान श्री गणेश के नामस्मरण एवं आध्यात्मिक वातावरण का लाभ उठाने का आह्वान श्री नवश्या गणपति मंदिर और श्री लखोबा देवस्थान की ओर से किया गया है।
संवाददाता : प्रमोद दत्तात्रय काकडे
No Previous Comments found.