सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन से विद्यार्थियों को ज्ञान की सौगात

दौंड : आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग और सूखाग्रस्त किसान परिवारों के विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति में सहयोग के उद्देश्य से संचार निगम पेंशनर्स एसोसिएशन (एसएनपीडब्ल्यूए) के महाराष्ट्र सर्कल की ओर से प्रतियोगी एवं छात्रवृत्ति परीक्षाओं की पुस्तकों का वितरण किया गया। कार्यक्रम २१ अक्टूबर को भीमथडी शिक्षण संस्था के शेठ ज्योतीप्रसाद विद्यालय एवं कनिष्ठ महाविद्यालय में आयोजित हुआ।

इस अवसर पर संस्था के मानद सचिव प्रेमसुख कटारिया, प्रधानाचार्य नवनाथ कदम, उपप्रधानाचार्य दत्तात्रय शिंदे, एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेश चंद, पुणे जिला सचिव रत्नाकर दलवी, सहायक सर्कल सचिव दिलीप भोगाडे, संयुक्त सर्कल सचिव डी. बी. बारावकर, केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य एच. एन. भोसले, शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।
सुरेश चंद ने बताया कि बीएसएनएल के सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए अपनी पेंशन से अंशदान एकत्र कर पुस्तकें छपवाई हैं। इनका वितरण मराठवाड़ा, विदर्भ, कोल्हापुर सहित पश्चिम महाराष्ट्र में किया गया है। संगठन ने सूखाग्रस्त किसानों की सहायता के लिए सकाळ रिलीफ फंड को ५१ हजार रुपये का दान भी दिया है।
ग्यारहवीं और बारहवीं के विद्यार्थियों को एमएचटी-सीईटी की तैयारी के लिए गणित, भौतिकी, रसायन विज्ञान एवं जीव विज्ञान की पुस्तकें दी गईं। आठवीं के विद्यार्थियों के लिए एनएमएमएस छात्रवृत्ति परीक्षा की पुस्तकें, आईआईटी फाउंडेशन एवं ओलंपियाड के लिए ‘फाउंडेशन मास्टर’ तथा सातवीं से बारहवीं तक के विद्यार्थियों के लिए ‘सुबोध इंग्लिश ग्रामर’ की प्रतियां वितरित की गईं। पुस्तक बैंक से आगामी विद्यार्थियों को भी लाभ मिलने की उम्मीद जताई गई।
कटारिया ने इस पहल को प्रेरणादायी बताते हुए विद्यार्थियों से मेहनत और लगन से सफलता हासिल करने का आह्वान किया। प्रधानाचार्य कदम ने संगठन का आभार व्यक्त किया तथा विद्यालय का सुझाव देने के लिए भोगाडे को धन्यवाद दिया। दलवी ने संगठन के कार्यों की जानकारी देकर सहायता का अवसर मिलने पर कृतज्ञता जताई।

रिपोर्टर : प्रमोद दत्तात्रय काकडे

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.