मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता अभियान 2025 के अंतर्गत शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय घरघोड़ा में सामाजिक अंकेक्षण सम्पन्न

घरघोड़ा : मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता अभियान 2025 के तहत नगर के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय घरघोड़ा में गुरुवार को सामाजिक अंकेक्षण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगर पंचायत घरघोड़ा के पार्षद श्याम भोजवानी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। तत्पश्चात विद्यालय के प्राचार्य हरीशचंद्र बेहरा ने मुख्य अतिथि का आत्मीय स्वागत करते हुए विद्यालय की उपलब्धियों, शिक्षण व्यवस्था तथा छात्राओं की मेहनत की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता अभियान से शिक्षा के स्तर में निरंतर सुधार हो रहा है, जिससे छात्राओं में आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा की भावना बढ़ी है।

मुख्य अतिथि श्याम भोजवानी ने अपने उद्बोधन में कहा कि छात्राएं हमारी समाज की सशक्त धरोहर हैं, जिनके उज्जवल भविष्य के लिए हर संभव सुविधा प्रदान करना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यालय परिसर का निरीक्षण करते हुए छात्राओं की समस्याओं को करीब से समझा और कहा कि कई छात्राएं दूर-दराज़ क्षेत्रों से विद्यालय आती हैं, जिन्हें छुट्टी के बाद बस या वाहन की प्रतीक्षा में असुविधा होती है। इस समस्या के समाधान हेतु उन्होंने पार्षद निधि से बैठकी शेड निर्माण की घोषणा की। उनके इस जनहितैषी निर्णय का उपस्थित शिक्षकों व छात्राओं ने जोरदार स्वागत किया।

श्री भोजवानी ने छात्राओं से संवाद करते हुए अनेक सामान्य ज्ञान एवं शैक्षणिक प्रश्न पूछे, जिनका उत्तर छात्राओं ने आत्मविश्वास से दिया। सही उत्तर देने वाली छात्राओं को उन्होंने प्रोत्साहित करते हुए कहा कि “ज्ञान सबसे बड़ी पूंजी है, इसे अर्जित करने में कभी आलस्य नहीं होना चाहिए।”

इस अवसर पर शिक्षक विजय पंडा ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पार्षद द्वारा लिया गया यह निर्णय छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत होगा और विद्यालय के वातावरण को और सुदृढ़ बनाएगा।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से कुंतीला उरांव, सचिदानंद पटनायक, वीर सिंह राठिया, सहित कई गणमान्य नागरिक, विद्यालय परिवार और छात्राएं उपस्थित रहीं। सभी ने मिलकर शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार हेतु सामूहिक सहयोग की प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। उपस्थित छात्राओं ने उत्साह और अनुशासन का परिचय देते हुए कार्यक्रम को सफल बनाया। पार्षद भोजवानी द्वारा की गई घोषणा से विद्यालय परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई है।

रिपोर्टर - सुनील जोल्हे

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.