जिला प्रशासन ने आमजन को दिया होली पर शुद्ध मिठाई के स्वाद एवं हर्बल गुलाल से सुरक्षित होली का तोहफा
झालावाड़ : होली के पावन अवसर पर मिठाईयों के महत्व को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा झालावाड़ की जनता को शुद्ध देशी घी से बनी स्वादिष्ट स्थानीय मिठाईयों तथा होली खेलने के लिए हानिकारक रसायनों से मुक्त हर्बल गुलाल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के प्रयास किए गए हैं। इसी के तहत शुक्रवार को जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने मिनी सचिवालय के मैन गेट पर झालावाड़ सहकारी उपभोक्ता होलसेल भण्डार लिमिटेड के माध्यम से संचालित स्टॉल का विधिवत फीता काटकर उद्घाटन किया।
इस अवसर पर जिला कलक्टर ने कहा कि झालावाड़ जिले में परम्परागत मिठाईयों का प्रचलन लगभग नगण्य हो गया है इसी को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा प्रयास किया गया है कि यहां की स्थानीय मिठाईयों को बिना किसी मुनाफे के न्यूनतम दरों में झालावाड़ की जनता को उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्ष से जिला प्रशासन द्वारा दीपावली व होली के त्यौहार पर इस प्रकार का प्रयास किया गया जिसे झालावाड़ की जनता द्वारा खूब सराहा गया और उसकी सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली।
सरस के शुद्ध देशी घी से निर्मित है ये मिठाईयां
जिला कलक्टर ने बताया कि ये मिठाईयां सरस के शुद्ध देशी घी से निर्मित हैं जो कि स्वास्थ्य के लिए हानिकारक नहीं होगी। उन्होंने बताया कि इनमें मोती चूर के लड्डू, बेसन के लड़डू, बेसन चक्की, मठरी व मक्खन वड़ा शामिल है।
ये रहेंगी मिठाईयों की दरें
उन्होंने बताया कि मोती चूर के लड्डू 360 रुपए प्रति किलोग्राम, बेसन के लड्डू 360 रुपए प्रति किलोग्राम, बेसन चक्की 320 रुपए प्रति किलोग्राम, मठरी 260 रुपए प्रतिकिलो ग्राम तथा मक्खन वड़ा 400 रुपए प्रति किलोग्राम की दर से उपलब्ध है। साथ ही 500 ग्राम का गिफ्ट भी उपलब्ध है जिसमें सभी प्रकार की मिठाईयां होगी जिसकी दर 175 रुपए प्रति नग है। झालावाड़ की जनता अधिक से अधिक संख्या में इन मिठाईयों को खरीदें और स्थानीय मिठाईयों के स्वाद का लुत्फ उठाएं।
झालावाड़ी हर्बल गुलाल से मनाएं होली
जिला कलक्टर ने बताया कि इसी स्टॉल पर राजीविका के स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा निर्मित राजसखी झालावाड़ी हर्बल गुलाल भी उपलब्ध है। जो कि 100 प्रतिशत हर्बल और त्वचा के अनुकूल है यह पूर्ण रूप से प्राकृतिक अवयवों से बना है तथा हानिकारक रसायनों से मुक्त है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि इस वर्ष हर्बल गुलाल से ही होली का त्यौहार मनाए।
उन्होंने बताया कि झालावाड़ी हर्बल गुलाल चार रंगों हरा, पीला, गुलाबी एवं ऑरेंज रंग में उपलब्ध है। एक सेट में चारों फ्लेवर के 100-100 ग्राम के पैकेट होंगे जिसकी कीमत 100 रुपए निर्धारित की गई है।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचन्द मीणा, झालावाड़ उपभोक्ता होलसेल भण्डार के महाप्रबंधक जयदीप सिंह हाड़ा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : रमेश चन्द्र शर्मा

No Previous Comments found.