आयुर्वेद चिकित्सा सेवाओं का डॉ अंजना शर्मा द्वारा हुआ औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश
बकानी : राजस्थान आयुष चिकित्सा विभाग के अंतर्गत राजकीय ब्लॉक आयुष चिकित्सालय बकानी का गुरुवार को अतिरिक्त निदेशक आयुर्वेद विभाग संभाग कोटा डॉ. अंजना शर्मा द्वारा औचक निरीक्षण किया गया, जिसमें चिकित्सालय की व्यवस्थाओं, साफ-सफाई एवं उपचार सुविधाओं का गहन जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान चिकित्सालय प्रभारी डॉ. जुगल किशोर शर्मा एवं अन्य स्टाफ उपस्थित रहे। निरीक्षण में अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक पाई गई, वहीं औषधि भंडारण, मरीजों की सुविधाओं एवं उपचार व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए।
इसके पश्चात अतिरिक्त निदेशक ने चिकित्सालय के निर्माणाधीन भवन का अवलोकन कर ठेकेदार को उच्च गुणवत्तापूर्ण कार्य करने के निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि ब्लॉक मुख्यालय बकानी में राज्य सरकार ने 10 बेड का ब्लॉक आयुष चिकित्सालय खोला है जिसमें आयुर्वेद, पंचकर्म, क्षार सूत्र, अग्निकर्म के साथ होम्योपैथिक एवं यूनानी चिकित्सा सेवाएं भी प्रदान की जाएगी।
वर्तमान में आयुर्वेद चिकित्सालय का संचालन पंचायत के द्वारा उपलब्ध भवन खेड़ा रोड पर किया जा रहा है, जहां स्थानीय मरीजों को नियमित रूप से आयुर्वेद चिकित्सा परामर्श एवं निःशुल्क औषधियां प्रदान की जा रही हैं।
रिपोर्टर : रमेश शर्मा


No Previous Comments found.