लक्ष्मीपुरा-हांडी पाली कच्ची सड़क नहीं बनी, हरीपुरा के किसानों को 5 किमी घूमकर आना पड़ता है

लक्ष्मीपुरा  : ग्राम पंचायत लक्ष्मीपुरा से हांडी पाली को जोड़ने वाली लगभग 2 किलोमीटर लंबी कच्ची सड़क का आज तक निर्माण नहीं हो पाया है। इस सड़क को पक्का करवाने की मांग स्थानीय लोग सालों से कर रहे हैं और कई बार ज्ञापन भी दे चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई।

ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के दिनों में इस कच्ची सड़क पर इतना कीचड़ हो जाता है कि खेतों में जाने के लिए रास्ता ही नहीं बचता। किसानों,  लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ती है। ट्रैक्टर-ट्रॉली तो दूर, पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता है।

इस सड़क का महत्व इसलिए भी अधिक है क्योंकि हरीपुरा गांव के किसानों की कृषि भूमि लक्ष्मीपुरा क्षेत्र में आती है। कच्ची सड़क नहीं बनने के कारण हरीपुरा के किसानों को अपने खेतों तक पहुंचने के लिए 5 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाकर आना पड़ता है। यदि यह 2 किमी कच्ची सड़क बन जाए तो हरीपुरा के लोगों को सीधा रास्ता मिल जाएगा और समय व डीजल दोनों की बचत होगी।

सड़क नहीं बनने से सैकड़ों बीघा कृषि भूमि पर खेती करना मुश्किल हो गया है। खाद-बीज ले जाना और फसल मंडी तक लाना टेढ़ी खीर साबित हो रहा है।

लक्ष्मीपुरा और हरीपुरा के ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि लक्ष्मीपुरा से हांडी पाली तक इस 2 किमी कच्ची सड़क का तुरंत डामरीकरण या सीसी निर्माण करवाया जाए, ताकि दोनों गांवों के किसानों को बारहमासी आवागमन की सुविधा मिल सके।

रिपोर्टर : आकाश बैरवा  

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.