अश्रुपूर्ण नेत्रों से हेमंत सोरेन ने दी मां रूपी सोरेन को अंतिम विदाई, नेमरा में उमड़ा जनसैलाब
रामगढ़ : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने गुरुवार को अपनी पूजनीय माता दिवंगत रूपी सोरेन को अश्रुपूर्ण नेत्रों से अंतिम विदाई दी। रामगढ़ जिले के पैतृक गांव नेमरा स्थित श्मशान घाट पर पूरे सम्मान और पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ उनका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अपनी मां को मुखाग्नि दी। मुखाग्नि दिए जाने के साथ ही अंतिम संस्कार स्थल पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। पूरा माहौल गमगीन हो उठा। अपनी दिवंगत मां को अंतिम विदाई देने के लिए मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के साथ परिवार के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं शुभचिंतक मौजूद रहे। रूपी सोरेन के अंतिम दर्शन और उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए नेमरा में जनसैलाब उमड़ पड़ा। दूर-दराज के इलाकों से पहुंचे ग्रामीणों, समर्थकों, राजनीतिक नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और प्रशासनिक अधिकारियों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। बड़ी संख्या में लोग अंतिम शव यात्रा में शामिल होकर श्मशान घाट तक पहुंचे। अंतिम यात्रा के दौरान नेमरा का माहौल पूरी तरह भावुक और शोकाकुल नजर आया। ग्रामीणों के बीच दिवंगत रूपी सोरेन के सरल स्वभाव, पारिवारिक जीवन और संघर्ष के दौर की स्मृतियों की चर्चा होती रही। गांव के लोगों ने उन्हें श्रद्धा और सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी। दिवंगत रूपी सोरेन के निधन से सोरेन परिवार के साथ-साथ उनके पैतृक गांव नेमरा में भी गहरा शोक है। उनके निधन पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन एवं उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। लोगों ने दिवंगत रूपी सोरेन की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार को इस कठिन घड़ी में धैर्य प्रदान करने की कामना की।
रिपोर्टर : राजीव सिंह

No Previous Comments found.