धमधमिया में भव्य सरहुल शोभायात्रा, पारंपरिक नृत्य से गूंजा माहौल

रांची : रांची जिले के खलारी प्रखंड स्थित तुमांग पंचायत के धमधमिया गांव में रविवार को आदिवासी परंपरा और सांस्कृतिक उत्साह के साथ भव्य सरहुल शोभायात्रा निकाली गई। इस अवसर पर ढुब करमा स्थल पर सरहुल महोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खलारी डीएसपी रामनारायण चौधरी थे। विशिष्ट अतिथियों में मैकलुस्कीगंज थाना प्रभारी धनंजय बैठा, रोहिणी परियोजना पदाधिकारी दीपक कुमार, मुखिया संतोष कुमार महली, पंचायत समिति सदस्य सहदेव महली, रैविमो प्रवक्ता रामलखन गंझू तथा पाहन लालदेव गंझू मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता रमेशर भोगता ने की, जबकि संचालन उमेश लोहरा ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक विधि से पाहन लालदेव गंझू द्वारा फुलखोन्सी कर की गई। इसके बाद सभी अतिथियों को सरना गमछा भेंट कर सम्मानित किया गया। विभिन्न गांवों से आए खोड़हा टीमों ने पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इसके पश्चात ढुब करमा स्थल से भव्य सरहुल शोभायात्रा निकाली गई, जो गाजे-बाजे के साथ बिरसा चौक होते हुए पूरे गांव का भ्रमण कर पुनः धमधमिया पहुंची। शोभायात्रा में शामिल लोग ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते-गाते आगे बढ़ रहे थे, जिससे पूरा क्षेत्र उत्सवमय हो उठा।
इस मौके पर पिकेट प्रभारी पुरुषोत्तम भगत, अमृत भोगता, कन्हाई पासी, देवपाल मुंडा, लहसन भोगता, महावीर भोगता, सूरज लोहरा, रामा उराँव, भरत रजक, बिनोद उराँव, राजू लोहरा, रवि भोगता, रामलाल भोगता सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित थे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

 रिपोर्टर : राशीद अंसारी 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.