कांटा टोली चौक पर ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव, ट्रायल के तौर पर लागू नियम
रांची- रांची के कांटा टोली चौक पर ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाने के उद्देश्य से प्रशासन ने बड़ा बदलाव किया है। नए नियम के तहत सर्जना चौक और डांगरा टोली की ओर से कांटा टोली आने वाले ऑटो और ई-रिक्शा अब सीधे नहीं जाएंगे, बल्कि कांटा टोली फ्लाईओवर के नीचे स्थित मंगल टावर के पास से यू-टर्न लेकर स्टेशन रोड की ओर बढ़ेंगे।
वहीं, नामकुम की दिशा से आने वाले ऑटो और ई-रिक्शा खादगढ़ा मुख्य द्वार के पास यू-टर्न लेकर सर्जना चौक और डांगरा टोली की ओर जाएंगे।
इस नई व्यवस्था को लागू कराने के लिए मौके पर लालपुर ट्रैफिक थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह, ट्रैफिक डीएसपी प्रमोद कुमार केसरी सहित कई ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात रहे। अधिकारियों ने बताया कि यह बदलाव फिलहाल ट्रायल के रूप में लागू किया गया है। यदि यह प्रयोग सफल रहता है, तो इसे स्थायी रूप से लागू किया जाएगा।
प्रशासन को उम्मीद है कि इस नई व्यवस्था से कांटा टोली चौक पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी और यातायात अधिक सुगम होगा।
रिपोर्टर- राशीद अंसारी

No Previous Comments found.