ट्रैक्टर चोरी का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, चोरी के दो सोनालिका ट्रैक्टर बरामद
रांची : रांची जिले के तमाड़ थाना पुलिस ने ट्रैक्टर चोरी के एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी के दो सोनालिका ट्रैक्टर भी बरामद किए हैं। आरोपी की पहचान तमाड़ थाना क्षेत्र के विजयगिरी निवासी 26 वर्षीय निकेश कुमार महतो के रूप में हुई है। आरोपी की चालाकी और चोरी का तरीका सुनकर हर कोई हैरान है।
जानकारी के अनुसार 16 मई 2026 को सुखराम मुंडा का सोनालिका ट्रैक्टर तमाड़ थाना क्षेत्र के अराहांगा गांव से चोरी हो गया था। मामले में शिकायत दर्ज होने के बाद तमाड़ थाना पुलिस ने तकनीकी जांच, मोबाइल लोकेशन और गुप्त सूचना के आधार पर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चोरी किया गया ट्रैक्टर बाबूरामडीह गांव में छिपाकर रखा गया है। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर ट्रैक्टर बरामद कर लिया और आरोपी निकेश कुमार महतो को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए। आरोपी ने बताया कि वह पहले भी कई ट्रैक्टर चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है। उसने दिसंबर 2025 में विजयगिरी गांव से एक सोनालिका ट्रैक्टर चोरी कर करीब चार लाख पचास हजार रुपये में बेच दिया था। पुलिस ने उस ट्रैक्टर को भी अड़की थाना क्षेत्र के सिंदरी गांव से बरामद कर लिया है।
पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी ने मार्च 2026 में अपना ट्रैक्टर चांडिल के नीमडीह थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति को बेचा था। लेकिन कुछ दिनों बाद उसने उसी ट्रैक्टर को खरीदार के घर के बाहर से दोबारा चोरी कर लिया और बाद में तमाड़ थाना क्षेत्र के लुंगटू गांव में बेच दिया।
सबसे हैरानी की बात यह रही कि जब खरीदार ट्रैक्टर चोरी की शिकायत लेकर नीमडीह थाना पहुंचा, तब ट्रैक्टर का नाम ट्रांसफर नहीं होने के कारण पुलिस ने वास्तविक मालिक को बुलाने की बात कही। इसके बाद आरोपी खुद खरीदार के साथ थाना पहुंचा और ट्रैक्टर चोरी की प्राथमिकी दर्ज कराने में भी शामिल हो गया, ताकि किसी को उस पर शक न हो सके।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी


No Previous Comments found.