बुढ़मू में धूमधाम से लगा आम महोत्सव-सह-बागवानी मेला: उत्कृष्ट लाभुकों,मुखिया व कर्मियों को मिला सम्मान
बुढ़मू : रांची जिले के बुढ़मू प्रखंड परिसर में शुक्रवार को 'बिरसा हरित ग्राम योजना' के तहत एक भव्य आम महोत्सव-सह-बागवानी मेला का आयोजन किया गया। इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य किसानों को प्रोत्साहित करना, बागवानी गतिविधियों को बढ़ावा देना और बिरसा हरित ग्राम योजना के सफल क्रियान्वयन को आम जनता तक पहुंचाना था। कार्यक्रम में योजना से जुड़े उत्कृष्ट लाभुकों, बागवानी सखियों, जनप्रतिनिधियों एवं कर्मियों को उनकी सराहनीय सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।
"दीप प्रज्वलन व पारंपरिक स्वागत के साथ शुरुआत"
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथियों और विशिष्ट अतिथियों द्वारा विधिवत फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर की गई। मेले में पहुंचे अतिथियों का स्वागत पारंपरिक नृत्य के साथ बेहद उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। इसके बाद मंचासीन अतिथियों को अंगवस्त्र एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया।
प्रखंड विकास पदाधिकारी धीरज कुमार ने स्वागत भाषण देते हुए बिरसा हरित ग्राम योजना के उद्देश्यों और इसकी उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा:
"बागवानी गतिविधियों को बढ़ावा देने से किसानों को न केवल आर्थिक लाभ मिल रहा है, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था भी मजबूत हो रही है।"
"इन्हें मिला उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मान"
मेले के दौरान योजना में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चार प्रमुख लाभुकों को मंच पर सम्मानित किया गया: निरंजन सिंह चैनगढ़ा पंचायत,
आनंद महतो हेसलपीड़ी पंचायत,
दीपेन्द्र गोप गुरगाईन पंचायत,
लाटेश्वर महतो खखरा पंचायत
"विशेष सम्मान:"
बेहतर नेतृत्व और सहयोग के लिए चैनगढ़ा पंचायत की मुखिया देवंती देवी तथा बिरसा हरित ग्राम योजना के सहायक अभियंता सह नोडल पदाधिकारी दीपक कुमार को भी उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
"लाभुकों और बागवानी सखियों ने साझा किए अनुभव"
कार्यक्रम के दौरान मनरेगा लाभुक आनंद महतो ने योजना से जुड़े अपने जमीनी अनुभवों को साझा किया और बताया कि कैसे बागवानी ने उनकी आय और जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। वहीं, बागवानी सखी पुष्पा देवी और आशा देवी ने भी मंच से योजना के माध्यम से मिलने वाले लाभों और बागवानी कार्यों की तकनीकी व व्यावहारिक जानकारियों से उपस्थित लोगों को अवगत कराया।
इस अवसर पर योजना के लाभुकों ने मुख्य अतिथियों को अपने बागानों में उपजे ताजे आम एवं अन्य फल भेंट कर उनका आभार प्रकट किया।
"वरिष्ठ अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने थपथपाई पीठ"
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित कांके विधायक सुरेश कुमार बैठा एवं मुख्य अतिथि जिला उपविकास आयुक्त (डीडीसी) संजय भगत ने योजना की उपलब्धियों की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि बागवानी का विकास और किसानों की आय बढ़ाना सरकार की प्राथमिकताओं में से एक है और बुढ़मू में इसके सकारात्मक परिणाम दिख रहे हैं।
"कार्यक्रम में ये गणमान्य रहे उपस्थित"
इस भव्य महोत्सव के गवाह प्रखंड और अंचल के कई वरिष्ठ अधिकारी व जन प्रतिनिधि बने, जिनमें मुख्य रूप से शामिल थे:सच्चिदानंद वर्मा (अंचल अधिकारी, बुढ़मू), ऋतुराज (पी.ओ.),पुष्पा भगत (प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी),मनोज बाजपेई (पूर्वी जिला परिषद सदस्य),
गोपाल तिवारी (विधायक प्रतिनिधि),
शमीम बडियार (विधायक प्रतिनिधि),
प्रणव अंबष्ट (अंचल अधिकारी, खलारी)
मेले में बड़ी संख्या में स्थानीय किसान, महिला स्वयं सहायता समूहों की दीदियाँ और ग्रामीण उपस्थित थे, जिन्होंने बागवानी तकनीकों की जानकारी ली।
रिपोर्टर : राशीद अंसारी
No Previous Comments found.