मुहर्रम को लेकर बुढ़मू थाना में शांति समिति की बैठक

राँची - बुढ़मू आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने तथा थाना क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से शनिवार को बुढ़मू थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बुढ़मू थाना प्रभारी नवीन कुमार शर्मा ने की। बैठक को संबोधित करते हुए डीएसपी रामनारायण चौधरी ने कहा कि मुहर्रम पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक है। उन्होंने सभी समुदायों के लोगों से मिलजुलकर पर्व मनाने और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, भड़काऊ गतिविधि या अशांति फैलाने वाले तत्वों पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। मांडर इंस्पेक्टर जय प्रकाश राणा ने बैठक में मौजूद लोगों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह के आपत्तिजनक, भ्रामक या विवादित वीडियो एवं संदेशों को सोशल मीडिया पर साझा नहीं करें। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी संदिग्ध पोस्ट की जानकारी मिलने पर तुरंत प्रशासन को इसकी सूचना दें। थाना प्रभारी नवीन कुमार शर्मा ने कहा कि मुहर्रम पर्व के दौरान क्षेत्र में शांति और सौहार्द बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने शांति समिति के सदस्यों से प्रशासन का सहयोग करने और किसी भी समस्या की जानकारी समय पर देने का आग्रह किया।

बैठक में प्रतिनिधि शमीम बड़ेहार, उपप्रमुख हरदेव साहू,बुढ़मू मुहर्रम कमेटी के सदर ईदु खान,अधिवक्ता सरफराज अहमद, जाकिर अंसारी,चकमे मुखिया रामब्रित मुंडा,रत्न प्रकाश सिंह,सज्जाद अंसारी,तस्लीम अंसारी,दिनेश यादव,राजदीप सिंह, सतीश सिंह,मक्का मुखिया देवलाल मुंडा,नंदलाल पाहन,असजद अंसारी,सुदामा नायक सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। बैठक में सभी सदस्यों ने शांतिपूर्ण माहौल में मुहर्रम पर्व संपन्न कराने के लिए प्रशासन का सहयोग करने का संकल्प लिया।

 रिपोर्टर - राशीद अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.