बुढ़मू थाना में लगा जन शिकायत समाधान शिविर, ग्रामीण एसपी ने सुनीं लोगों की फरियाद
बुढ़मू : आम जनता और पुलिस के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने तथा लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को बुढ़मू थाना परिसर में जन शिकायत समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी स्वयं मौजूद रहे और बुढ़मू व ठाकुरगांव थाना क्षेत्र से पहुंचे लोगों की शिकायतें सुनकर संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन भी किया गया।
कार्यक्रम में पुलिस उपाधीक्षक राम नारायण चौधरी, बुढ़मू थाना प्रभारी नवीन शर्मा तथा ठाकुरगांव थाना प्रभारी शुभम कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने एक-एक कर लोगों की शिकायतें सुनीं और उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू कराई।
ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने कहा कि सरकार के निर्देशानुसार इस तरह के जन शिकायत समाधान शिविर आगे भी नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे। इसकी सूचना पूर्व में समाचार पत्रों और सोशल मीडिया के माध्यम से दी जाएगी, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।
उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता आम नागरिकों की समस्याओं का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध समाधान करना है। लोगों से कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए सुझाव देने की भी अपील की गई।
"इन माध्यमों से दर्ज करा सकते हैं शिकायत"
ग्रामीण एसपी ने बताया कि कोई भी व्यक्ति अपनी शिकायत सीधे थाना पहुंचकर दर्ज करा सकता है। इसके अलावा व्हाट्सऐप एवं कॉल नंबर 9431706190 पर भी शिकायत भेजी जा सकती है। थाना परिसर में रखी शिकायत पेटिका में आवेदन डालकर भी शिकायत दर्ज कराने की सुविधा उपलब्ध है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्राप्त सभी शिकायतों की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
रिपोर्टर : राशीद अंसारी
No Previous Comments found.