बापू वाटिका में गांधी जयंती पर जुटे राज्य के प्रमुख चेहरे, राज्यपाल-सीएम ने किया माल्यार्पण।।
रांची : गांधी जयंती के मौके पर गुरुवार को मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका में महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने के लिए राज्य के प्रमुख जनप्रतिनिधि और अधिकारी जुटे। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने बापू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि दो अक्टूबर देश के इतिहास का ऐसा दिन है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि आज देश की दो महान विभूतियों की जयंती है और हर वर्ष की तरह इस बार भी लोग उनके विचारों और आदर्शों को याद करने के लिए एकत्र हुए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी के विचार और जीवन-दर्शन आने वाली पीढ़ियों का मार्गदर्शन करते रहेंगे। उनके आदर्शों को अपनाते हुए समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के कल्याण और विकास के लिए काम करना सरकार की प्राथमिकता है। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद महुआ माजी, विधायक कल्पना सोरेन समेत कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। बापू वाटिका में आयोजित कार्यक्रम के दौरान गांधीजी के प्रिय भजनों और देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति भी हुई।
रिपोर्टर : राशीद अंसारी

No Previous Comments found.