बेड़ो में किसान राइस मिल की 33 केवी लाइन पर अड़ंगा, बिजली कनेक्शन के इंतजार में फैक्ट्री
रांची/बेड़ो : रांची जिले के बेड़ो प्रखंड अंतर्गत ग्राम मूर्तो में स्थापित किसान राइस मिल में बिजली कनेक्शन को लेकर पिछले कई महीनों से विवाद और परेशानी बनी हुई है। मिल के संचालन के लिए आवश्यक 33 केवी विद्युत लाइन बिछाने का कार्य अब तक पूरा नहीं हो सका है। इस संबंध में मिल के पार्टनर सीताराम प्रसाद ने अनुमंडल पदाधिकारी, रांची सदर को आवेदन देकर मामले में हस्तक्षेप करने और समस्या का समाधान कराने की मांग की है।
आवेदन के अनुसार, किसान राइस मिल के संचालन के लिए 33 केवी विद्युत लाइन से कनेक्शन आवश्यक है। इसके लिए विद्युत नियामक आयोग से आदेश प्राप्त करने सहित सभी जरूरी कागजात भी जमा किए जा चुके हैं। मिल प्रबंधन की ओर से 18 जून 2026 से लेकर अक्टूबर 2026 तक कई बार संबंधित अधिकारियों को आवेदन और पत्राचार किया गया, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।
मिल प्रबंधन का कहना है कि अंचल अधिकारी बेड़ो के अनुरोध पर अनुमंडल पदाधिकारी, रांची सदर द्वारा पर्याप्त संख्या में सशस्त्र पुलिस बल उपलब्ध कराने के बावजूद विद्युत लाइन बिछाने का कार्य नहीं कराया जा सका। इस संबंध में अनुमंडल कार्यालय द्वारा 29 अक्टूबर 2026 को पत्रांक 5181/गो के माध्यम से भी कार्रवाई के लिए निर्देश दिया गया था।
इस पूरे मामले पर फैक्ट्री के मालिक सीताराम प्रसाद ने बताया कि ग्रामीणों के विरोध के कारण अब तक बिजली कनेक्शन का काम पूरा नहीं हो सका है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से उन्हें पूरा सहयोग मिल रहा है, लेकिन ग्रामीण प्रशासन की बात सुनने को तैयार नहीं हैं। इस कारण फैक्ट्री का संचालन शुरू करने में लगातार बाधा उत्पन्न हो रही है।
सीताराम प्रसाद ने आगे कहा कि किसान राइस मिल शुरू होने से गांव और आसपास के क्षेत्र के लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। फैक्ट्री के माध्यम से स्थानीय लोगों को काम दिया जाएगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को आर्थिक रूप से लाभ मिल सकेगा। उन्होंने ग्रामीणों से सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि फैक्ट्री का उद्देश्य केवल व्यवसाय करना नहीं, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा करना भी है।
मिल प्रबंधन ने जिला प्रशासन एवं बिजली विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि मामले में पहल करते हुए ग्रामीणों के साथ बातचीत कर विवाद का समाधान कराया जाए और 33 केवी विद्युत लाइन बिछाने का कार्य जल्द पूरा कराया जाए, ताकि किसान राइस मिल का संचालन शुरू हो सके।
रिपोर्टर : नदीम दानिश

No Previous Comments found.