रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र में नशे का अवैध कारोबार बेलगाम, ग्रामीण इलाकों में खुलेआम बिक रहा कोरेक्स, शराब और गांजा

रीवा :  खबर मध्यप्रदेश के सतना जिले के रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र से है, जहां ग्रामीण क्षेत्रों में इन दिनों नशे का अवैध कारोबार तेजी से फैलता नजर आ रहा है। क्षेत्र के कई गांवों में कथित रूप से कोरेक्स कफ सिरप,अवैध शराब और गांजे की खुलेआम बिक्री होने की चर्चाएं जोरों पर हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि नशे के इस बढ़ते कारोबार की वजह से युवाओं का भविष्य अंधकार की ओर बढ़ रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग इस ओर गंभीरता नहीं दिखा रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में नशीले पदार्थों की उपलब्धता इतनी आसान हो गई है कि युवा तेजी से इसकी गिरफ्त में आते जा रहे हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर लंबे समय से अवैध कारोबार संचालित हो रहा है, बावजूद इसके प्रभावी कार्रवाई देखने को नहीं मिल रही।
वहीं दूसरी ओर, रीवा जोन के आईजी गौरव राजपूत द्वारा नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं, लेकिन क्षेत्र में जारी इस अवैध कारोबार ने पुलिस कार्रवाई पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का आरोप है कि रामपुर बघेलान थाना स्तर पर अपेक्षित सख्ती नहीं दिखाई जा रही, जिससे नशा कारोबारियों के हौसले बुलंद हैं।

ग्रामीणों ने प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर अवैध शराब, गांजा और नशीले कफ सिरप के कारोबार पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाया जा सके।

रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.