4K लेप्रोस्कोपिक तकनीक से पेट के कैंसर का सफल ऑपरेशन, एक दिन में 7 मरीजों की सर्जरी

रीवा :  विंध्य क्षेत्र के लिए कैंसर उपचार के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। नेशनल हॉस्पिटल, रीवा में अत्याधुनिक 4K एडवांस लेप्रोस्कोपिक (दूरबीन) तकनीक से पेट (स्टमक) के कैंसर का सफल ऑपरेशन किया गया। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार इस जटिल सर्जरी का नेतृत्व वरिष्ठ कैंसर सर्जन डॉ. योगेश्वर शुक्ला ने किया, जबकि डॉ. अखिलेश पटेल एवं उनकी विशेषज्ञ टीम ने ऑपरेशन को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।

डॉ. अखिलेश पटेल ने बताया कि रीवा अब कैंसर उपचार के क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि उनकी जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश में पहली बार पेट के कैंसर का इस प्रकार 4K लेप्रोस्कोपिक तकनीक से सफल ऑपरेशन नेशनल हॉस्पिटल, रीवा में किया गया है। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि से विंध्य क्षेत्र के मरीजों को महानगरों जैसी अत्याधुनिक कैंसर सर्जरी की सुविधा अब अपने ही क्षेत्र में मिल सकेगी।

एक दिन में 7 सफल कैंसर ऑपरेशन

अस्पताल के अनुसार, एक ही दिन में पेट के कैंसर के 7 सफल ऑपरेशन किए गए। इनमें 4 सर्जरी 4K लेप्रोस्कोपिक तकनीक से तथा 3 ऑपरेशन ओपन सर्जरी के माध्यम से किए गए। सभी मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर और संतोषजनक बताई गई है तथा वे तेजी से स्वस्थ हो रहे हैं।

आधुनिक तकनीक से मरीजों को मिलेगा लाभ

विशेषज्ञों के अनुसार, 4K लेप्रोस्कोपिक तकनीक से की जाने वाली सर्जरी में अत्यधिक स्पष्ट दृश्य प्राप्त होते हैं, जिससे ऑपरेशन अधिक सटीक तरीके से किया जा सकता है। इस तकनीक के उपयोग से सामान्यतः मरीजों को कम दर्द, कम रक्तस्राव, संक्रमण का कम खतरा और अपेक्षाकृत जल्दी स्वस्थ होने जैसे लाभ मिल सकते हैं।

स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार का असर

डॉ. अखिलेश पटेल ने कहा कि उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल के स्वास्थ्य क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों और रीवा में उन्नत चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के कारण विंध्य क्षेत्र में भी अब जटिल कैंसर सर्जरी संभव हो रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में रीवा कैंसर उपचार के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण चिकित्सा केंद्र के रूप में अपनी पहचान स्थापित करेगा।

विशेषज्ञ टीम ने निभाई अहम भूमिका

इस सफल सर्जरी में डॉ. योगेश्वर शुक्ला, डॉ. अखिलेश पटेल, डॉ. प्रियंका, डॉ. रवि, डॉ. शितेषु और डॉ. उमेश सहित विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं ऑपरेशन थिएटर में करुणा, नेपाल, गोपाल, अखिलेश, प्रद्युम्न, रागिनी, प्रिया, शुभम, दहिया, आलोक एवं अन्य ओटी स्टाफ के सहयोग से पूरी प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि आधुनिक तकनीक, अनुभवी चिकित्सकों और समर्पित टीमवर्क के बल पर अब विंध्य क्षेत्र के मरीजों को जटिल कैंसर सर्जरी के लिए बड़े शहरों की ओर जाने की आवश्यकता लगातार कम होती जा रही है।

रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.