E20 पेट्रोल पर रीवा सांसद के बिगड़े बोल, बोले-“शुद्ध पेट्रोल तुम्हारे बाप के यहां से आएगा क्या?”

रीवा :  E20 पेट्रोल को लेकर देशभर में चल रही बहस के बीच रीवा लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा के एक बयान ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। विगत दिवस रीवा हवाई अड्डे पर कोलकाता और भोपाल के लिए हवाई सेवा के शुभारंभ अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सांसद जनार्दन मिश्रा जनसमुदाय को संबोधित कर रहे थे।इसी दौरान E20 पेट्रोल और शुद्ध पेट्रोल के मुद्दे पर बोलते हुए उनकी भाषा को लेकर सवाल खड़े हो गए।

सांसद ने संबोधन के दौरान कथित तौर पर कहा—“क्या शुद्ध पेट्रोल तुम्हारे बापन के यहां से आएगा क्या?” सांसद के इस बयान का वीडियो अब चर्चा का विषय बना हुआ है।

E20 को लेकर सवाल, सांसद ने तल्ख अंदाज में दिया जवाब

E20 पेट्रोल में 20 प्रतिशत तक एथेनॉल मिश्रण को लेकर वाहन चालकों और उपभोक्ताओं के बीच लगातार सवाल उठते रहे हैं। पेट्रोल की गुणवत्ता, वाहनों पर इसके प्रभाव और उपभोक्ताओं को उपलब्ध विकल्पों को लेकर बहस के बीच सांसद का यह बयान सामने आया है।
जनता से जुड़े इस संवेदनशील मुद्दे पर सांसद द्वारा इस्तेमाल किए गए शब्दों को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर प्रतिक्रिया सामने आने की संभावना है। आलोचकों का कहना है कि पेट्रोल की गुणवत्ता और E20 के प्रभाव को लेकर सवाल पूछना आम उपभोक्ता का अधिकार है,ऐसे में सवालों का जवाब तथ्यात्मक और संयमित तरीके से दिया जाना चाहिए।

हवाई सेवा के मंच से बयान ने खींचा विवाद

रीवा हवाई अड्डे पर नई हवाई सेवाओं के शुभारंभ जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम में सांसद के संबोधन का यह हिस्सा अब सुर्खियों में है। एक ओर रीवा को भोपाल और कोलकाता से हवाई कनेक्टिविटी मिलने को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा था, वहीं दूसरी ओर E20 पेट्रोल के मुद्दे पर सांसद के कथित बयान ने पूरे कार्यक्रम को राजनीतिक चर्चा के केंद्र में ला दिया है।
अब सवाल यह है कि क्या E20 पेट्रोल को लेकर जनता के सवालों का जवाब इसी अंदाज में दिया जाना चाहिए, या फिर सरकार और जनप्रतिनिधियों को उपभोक्ताओं की चिंताओं पर तथ्य और स्पष्ट जानकारी सामने रखनी चाहिए? सांसद के बयान को लेकर विपक्ष और आमजन की ओर से किस तरह की प्रतिक्रिया सामने आती है,यह देखना भी महत्वपूर्ण होगा।

रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.