मिलाद-उन-नबी को लेकर पुलिस अलर्ट,अमहिया थाना क्षेत्र में शांति समिति की बैठक
रीवा : आगामी 26 अगस्त को मनाए जाने वाले मिलाद-उन-नबी पर्व को लेकर रीवा पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। शहर में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से अमहिया थाना क्षेत्र अंतर्गत छोटी दरगाह के पास शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।बैठक में अमहिया थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार गौतम ने स्थानीय नागरिकों, धर्मगुरुओं और आयोजन से जुड़े लोगों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्व को आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाया जाए तथा किसी भी ऐसी गतिविधि से बचा जाए, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित हो।
आतिशबाजी के लिए स्थान निर्धारित
पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया कि पर्व के दौरान आतिशबाजी निर्धारित स्थानों पर ही की जा सकेगी। इसके लिए छोटी दरगाह, बड़ी दरगाह और स्टेच्यू चौराहा निर्धारित किए गए हैं। निर्धारित स्थानों के अलावा आतिशबाजी करने पर नियमों के अनुसार कार्रवाई की जा सकती है।
प्रतिबंधित झंडे-बैनर और पोस्टर पर रोक
बैठक में पुलिस प्रशासन ने प्रतिबंधित झंडे, बैनर, पोस्टर अथवा अन्य प्रतिबंधित सामग्री की बिक्री, प्रदर्शन और उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध की जानकारी दी। आयोजन के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों पर पुलिस द्वारा सख्ती बरतने की बात कही गई।
थाना प्रभारी ने की शांति बनाए रखने की अपील
थाना प्रभारी मनोज कुमार गौतम ने कहा कि मिलाद-उन-नबी को देखते हुए शांति समिति की बैठक आयोजित की गई है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि सभी लोग त्यौहार को शांतिपूर्ण एवं आपसी सौहार्द के साथ मनाएं, पुलिस-प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
बैठक में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, धर्मगुरु और शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे। सभी ने पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में पुलिस-प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी
No Previous Comments found.