सरेराह बाजार में जानलेवा हमले का आरोपी समीर खान गिरफ्तार,सेमरिया पुलिस ने दबोचा,न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा
रीवा : जिले में सरेराह बाजार में पुराने विवाद को लेकर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में सेमरिया पुलिस ने मुख्य आरोपी समीर खान को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक,आरोपी घटना के बाद से गिरफ्तारी से बच रहा था और अपनी पहचान छिपा रहा था। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे 15 अक्टूबर को पकड़ा। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में केंद्रीय जेल रीवा भेज दिया गया है।
पुराने विवाद में बाजार के बीच मचाया था हंगामा
पुलिस के अनुसार,सेमरिया कस्बे के वार्ड क्रमांक 13 निवासी राकेश ताम्रकार (45), पिता राममिलन ताम्रकार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 13 मई 2026 को सेंहतरा निवासी समीर खान अपने चार अन्य साथियों के साथ पुराने विवाद को लेकर उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट करने लगा।आरोप है कि इस दौरान उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई।
शिकायत के आधार पर थाना सेमरिया में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296(बी), 115(2), 351(3) और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान मामले में धारा 118(2) बीएनएस भी बढ़ाई गई।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दबोचा
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद से ही आरोपी समीर खान और उसके साथियों की तलाश की जा रही थी।गिरफ्तारी से बचने के प्रयासों के बीच 15 अक्टूबर को मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने समीर खान (22), पिता मोबीन खान,निवासी वार्ड क्रमांक 15 सेंहतरा को पकड़ा। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार किया,जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध थाना सेमरिया में अन्य आपराधिक प्रकरण भी दर्ज हैं। हालांकि, उसके साथ शामिल बताए गए अन्य चार साथियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की ओर से इस विज्ञप्ति में विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है।
एसपी के निर्देशन में कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक रीवा डॉ. गुरकरन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मिश्रा के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी रूपेंद्र धुर्वे के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी सेमरिया शिवा अग्रवाल और पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
कार्रवाई में इनकी रही भूमिका
ललन सिंह नेताम,प्रधान आरक्षक हफीजुर्रहमान, आरक्षक विक्रम वर्मा, आरक्षक अनमोल श्रीवास्तव, प्रबल त्रिपाठी, आरक्षक संजय मांझी और आरक्षक जितेन्द्र बागरी की सराहनीय भूमिका रही।
रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी

No Previous Comments found.