रीवा पश्चिम विद्युत संभाग में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप

रीवा :  मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के रीवा पश्चिम संभाग में पदस्थ कार्यपालन अभियंता भूपेश सिंह की कार्यप्रणाली को लेकर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप सामने आए हैं। ग्राम बिहरा निवासी सुरेन्द्र प्रसाद मिश्रा ने 15 जून 2026 को मुख्यमंत्री, ऊर्जा मंत्री,लोकायुक्त,EOW और विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक सहित विभिन्न अधिकारियों को विस्तृत शिकायत भेजकर आउटसोर्स कर्मचारियों की भर्ती,जमा योजना,लाइन शिफ्टिंग,जले ट्रांसफार्मर बदलने,बिजली बिल सुधार और विद्युत चोरी के मामलों में कथित अनियमितताओं की जांच की मांग की है।

मामले में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) इकाई रीवा में 18 सितंबर 2026 को शिकायत दर्ज की गई है। शिकायत का एंट्री आईडी 03864/2026(1) दर्ज है। EOW के पुलिस अधीक्षक ने शिकायत पत्र का सत्यापन प्रमुख सचिव, ऊर्जा विभाग मध्यप्रदेश शासन भोपाल से कराए जाने की अनुशंसा के साथ प्रेषित किया है। इससे मामला अब जांच के लिए संबंधित विभागीय स्तर तक पहुंच गया है।

आउटसोर्स भर्ती में 50 हजार रुपये लेने का आरोप

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि रीवा पश्चिम संभाग में आउटसोर्स कर्मचारियों की भर्ती के नाम पर कथित तौर पर प्रति व्यक्ति 50 हजार रुपये तक वसूले जाते हैं। शिकायतकर्ता ने भूपेश सिंह और क्विस कंपनी के मैनेजर परिहार की मिलीभगत से भर्ती प्रक्रिया में अनियमितता किए जाने का आरोप लगाया है। यह भी दावा किया गया है कि कर्मचारियों को पहले नौकरी से हटाया जाता है और फिर कथित रूप से पैसे लेकर दोबारा काम पर रखा जाता है। शिकायत में इस पूरे मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध FIR दर्ज कराने की मांग की गई है।

राकेश मिश्रा और अन्य कर्मचारियों की भूमिका पर सवाल

शिकायत में राकेश मिश्रा नामक व्यक्ति की भूमिका पर भी गंभीर सवाल उठाए गए हैं। आरोप है कि वह नियमित या आउटसोर्स कर्मचारी के रूप में नियुक्त नहीं होने के बावजूद डिवीजन कार्यालय में काम कर रहा है। शिकायतकर्ता ने उसे कर्मचारियों के निलंबन और बहाली के मामलों में कथित दलाली करने वाला बताते हुए भूपेश सिंह तथा क्विस कंपनी के मैनेजर की भूमिका की जांच की मांग की है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

जमा योजना और लाइन शिफ्टिंग में करोड़ों के नुकसान का दावा

शिकायत के अनुसार जमा योजना और लाइन शिफ्टिंग के कार्यों में भी गंभीर अनियमितताएं की जा रही हैं। आरोप है कि ठेकेदारों को काम दिलाने, सुपरविजन आदेश जारी करने, लाइन और ट्रांसफार्मर का हस्तांतरण तथा पुराने विद्युत उपकरणों को विभागीय स्टोर में जमा कराने की प्रक्रिया में नियमों का पालन नहीं किया जा रहा। शिकायत में हेमंत मिश्रा नामक आउटसोर्स कर्मचारी की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं। दावा किया गया है कि ठेकेदारों की गारंटी अवधि में खराब होने वाली लाइनों और ट्रांसफार्मरों की मरम्मत भी विभागीय खर्च से कराई जा रही है, जिससे कंपनी को आर्थिक नुकसान हो रहा है।

जले ट्रांसफार्मर बदलने में रिश्वतखोरी का आरोप

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पात्र उपभोक्ताओं के जले ट्रांसफार्मर बदलने के लिए कथित रूप से रिश्वत मांगी जाती है। सुनील सिंह और रवि द्विवेदी नामक कर्मचारियों की भूमिका का उल्लेख करते हुए प्रति ट्रांसफार्मर एक हजार से दो हजार रुपये तक वसूली का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता का दावा है कि कई पात्र उपभोक्ताओं के ट्रांसफार्मर लंबे समय तक नहीं बदले जाते, जबकि कथित रूप से पैसे या राजनीतिक दबाव के आधार पर अन्य मामलों में तत्काल कार्रवाई होती है।

बिजली बिल और मीटर लगाने में भी अनियमितता का आरोप

रीवा पश्चिम संभाग के एजी कॉलेज,चोरहटा, बैकुंठपुर, लौआ और सिरमौर वितरण केंद्रों में बिजली बिल सुधार तथा मीटर लगाने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए गए हैं। शिकायत में दावा किया गया है कि कई घरेलू उपभोक्ताओं का लोड बिना समुचित जांच के बढ़ाकर बिलिंग की जा रही है। मीटर बदलने और बिल सुधारने के नाम पर कथित रूप से उपभोक्ताओं से पैसे लेने के आरोप भी लगाए गए हैं। शिकायतकर्ता ने गरीब उपभोक्ताओं को राहत देने और पूरे मामले का तकनीकी ऑडिट कराने की मांग की है।

विद्युत चोरी के 15 हजार प्रकरण लंबित होने और 25 करोड़ की वसूली अटकी होने का दावा

शिकायत का एक महत्वपूर्ण बिंदु विद्युत चोरी के मामलों से जुड़ा है। इसमें दावा किया गया है कि धारा 135 और 138 के तहत दर्ज लगभग 15 हजार प्रकरण न्यायालय में लंबित हैं तथा इनसे संबंधित रिकवरी राशि 20 से 25 करोड़ रुपये के आसपास है। आरोप लगाया गया है कि कथित वसूली और अन्य अनियमितताओं के चलते कई प्रकरण न्यायालय तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिससे कंपनी को राजस्व की क्षति हो रही है।

50 करोड़ की कथित संपत्ति की जांच की मांग

शिकायतकर्ता ने भूपेश सिंह की कथित आय से अधिक संपत्ति का मामला भी उठाया है। शिकायत में रामपुर बघेलान में क्रेशर संचालन, रीवा शहर में कई प्लॉट खरीदने और करहिया क्षेत्र में लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से मकान निर्माण कराने का दावा किया गया है। कुल कथित अवैध संपत्ति लगभग 50 करोड़ रुपये बताई गई है। शिकायतकर्ता ने संपत्ति, आय के स्रोत, बैंक खातों और संबंधित लेनदेन की जांच कराने की मांग की है। इन दावों की अभी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

रीवा के बजाय दूसरे अधिकारी से जांच कराने की मांग

शिकायतकर्ता ने आशंका जताई है कि स्थानीय स्तर पर निष्पक्ष जांच प्रभावित हो सकती है। इसलिए उसने जबलपुर के किसी अधिकारी अथवा मुख्य अभियंता सतर्कता स्तर के अधिकारी से जांच कराने की मांग की है। साथ ही कथित अनियमितताओं में शामिल अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई, निलंबन, FIR तथा कंपनी को हुई आर्थिक क्षति की जिम्मेदारी तय कर वसूली कराने की मांग की है।

अब जांच और कार्रवाई पर टिकी निगाहें

EOW के दस्तावेज में शिकायत दर्ज होने और प्रमुख सचिव ऊर्जा विभाग से सत्यापन कराए जाने की अनुशंसा का उल्लेख है। हालांकि यह शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि या दोष सिद्ध होने का प्रमाण नहीं है। अब देखना होगा कि ऊर्जा विभाग और विद्युत वितरण कंपनी इन आरोपों की निष्पक्ष जांच कराते हैं या नहीं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि शिकायत में लगाए गए आरोपों में सच्चाई है तो इतने गंभीर मामले लंबे समय तक विभागीय निगरानी से बाहर कैसे रहे और जिम्मेदार अधिकारियों पर अब तक क्या कार्रवाई हुई?

रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.