नशे में रोजगार सहायक की दबंगई! उगाही नहीं दी तो काम बंद कराने की धमकी

रेवा - पीड़ित ने थाने में दी शिकायत,सख्त कार्यवाही की मांग, ग्रामीणों में आक्रोश,पंचायत व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल। दरअसल पूरा मामला रीवा जिले के सिरमौर जनपद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत लैन बधरी से है जहां पर पदस्थ रोजगार सहायक पर अवैध उगाही और धमकी देने के गंभीर आरोप सामने आए हैं। ग्राम पंचायत बधरा निवासी राहुल द्विवेदी ने सेमरिया थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए संबंधित कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग की है।

शिकायत के मुताबिक,राहुल द्विवेदी ने अपने निजी कार्य संचालन के लिए ग्राम पंचायत लैन बधरी में एक कमरा किराए पर लिया है। आरोप है कि मंगलवार शाम करीब 5 बजे रोजगार सहायक संदीप श्रीवास्तव कथित रूप से नशे की हालत में वहां पहुंचे और उनसे पैसों की मांग करने लगे। पीड़ित का आरोप है कि जब उन्होंने पैसे देने से इनकार किया,तो रोजगार सहायक ने दबंगई दिखाते हुए धमकी दी कि “अगर यहां काम करना है तो मेरे हिसाब से चलना होगा, पैसे देने होंगे,नहीं तो काम नहीं कर पाओगे।” इसके साथ ही उन्होंने देख लेने की बात भी कही और मौके से चले गए। इस घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि एक सरकारी कर्मचारी द्वारा इस तरह खुलेआम उगाही करना और धमकी देना बेहद गंभीर मामला है। लोगों ने सवाल उठाया है कि क्या रोजगार सहायक का दायित्व ग्रामीणों की सेवा करना है या उनसे जबरन वसूली करना?

ग्रामीणों का यह भी कहना है कि यदि प्रशासन ऐसे मामलों में समय रहते सख्त कार्यवाही नहीं करता है,तो इससे पूरे पंचायत तंत्र की साख पर सवाल खड़े होते हैं और आमजन का भरोसा कमजोर होता है। वहीं,इस मामले के सामने आने के बाद पंचायत व्यवस्था की पारदर्शिता और जवाबदेही पर भी सवाल उठने लगे हैं। सरकार जहां एक ओर गांवों के विकास और सुशासन की बात करती है,वहीं दूसरी ओर इस तरह की घटनाएं जमीनी हकीकत को उजागर कर रही हैं। फिलहाल शिकायत सेमरिया थाना पहुंच चुकी है अब देखना यह होगा कि संबंधित विभाग और प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं और दोषी के खिलाफ क्या ठोस कार्यवाही की जाती है।

रिपोर्टर - अर्जुन तिवारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.