त्योंथर तहसील में दबंगई का बोलबाला,सरकारी सड़क पर कब्जा
रेवा : त्योंथर तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत सरूई में सरकारी मुरमीकरण सड़क पर कथित दबंगों के कब्जे का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। कुशवाहा टोला के ग्रामीण महीनों से प्रशासनिक दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें राहत नहीं मिल सकी है। ग्रामीणों का आरोप है कि सरकारी धन से निर्मित सड़क को रसूखदारों ने अवैध रूप से बंद कर दिया है और प्रशासन तमाशबीन बना हुआ है।
मनरेगा से बनी सड़क पर अवैध कब्जे का आरोप
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत सरूई के कुशवाहा टोला में वर्ष 2017-18 में मनरेगा योजना के तहत ग्रामीणों के आवागमन के लिए मुरमीकरण सड़क का निर्माण कराया गया था। इस सड़क के निर्माण में शासन का बजट खर्च हुआ था ताकि ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिल सके।
लेकिन वर्तमान में इस सरकारी सड़क पर कुछ प्रभावशाली लोगों द्वारा कथित रूप से अवैध कब्जा कर रास्ता बंद कर दिया गया है। स्थिति यह है कि ग्रामीणों का निकलना तक मुश्किल हो गया है।
सबसे अहम बात यह है कि इस मामले में ग्राम पंचायत के सरपंच एवं सचिव द्वारा स्वयं एसडीओ और तहसील प्रशासन को लिखित शिकायत दी जा चुकी है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि संबंधित मार्ग सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज है।
जनसुनवाई में भी नहीं मिला समाधान
ग्रामीणों का कहना है कि वे कई बार अपनी शिकायत लेकर स्थानीय विधायक सिद्धार्थ तिवारी की जनसुनवाई में भी पहुंचे, लेकिन आश्वासन के अलावा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
लोगों का आरोप है कि प्रशासनिक अधिकारियों की उदासीनता के कारण दबंगों के हौसले बुलंद हैं और आम ग्रामीण अपने ही अधिकार के रास्ते के लिए संघर्ष करने को मजबूर हैं।
बुजुर्गों, बच्चों और ग्रामीणों को हो रही भारी परेशानी
रास्ता बंद होने से ग्रामीणों को रोजमर्रा के कार्यों में गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बीमार और बुजुर्गों को अस्पताल ले जाने में परेशानी
बच्चों को स्कूल आने-जाने में कठिनाई
किसानों और ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित
ग्रामीणों का कहना है कि यदि सड़क सरकारी है तो फिर कब्जा हटाने में प्रशासन आखिर इतनी देरी क्यों कर रहा है?
ग्रामीणों की चेतावनी – “न्याय नहीं तो आंदोलन”
कुशवाहा टोला के लोगों का धैर्य अब टूटता नजर आ रहा है। ग्रामीणों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क से अवैध कब्जा नहीं हटाया गया तो तहसील कार्यालय के सामने उग्र आंदोलन और चक्का जाम किया जाएगा।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर तत्काल अतिक्रमण हटाया जाए और आम जनता के लिए रास्ता बहाल किया जाए।
अब देखना यह होगा कि त्योंथर प्रशासन इस मामले में कब तक कार्रवाई करता है या फिर ग्रामीणों को अपने हक के लिए सड़क पर उतरना पड़ेगा।
रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी

No Previous Comments found.