बकिया तिवरियान में अवैध नशे के कारोबार पर ग्रामीणों का आरोप

रेवा - रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बकिया तिवरियान में कथित रूप से अवैध नशे का कारोबार धड़ल्ले से संचालित होने के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में लंबे समय से कफ सिरप,शराब और गांजे की अवैध बिक्री की जा रही है,लेकिन कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी है। ग्रामीणों के अनुसार,गांव के रिहायशी क्षेत्र में अवैध शराब और अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री होने से सामाजिक माहौल प्रभावित हो रहा है। दिनभर शराबियों और नशे के आदी लोगों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे महिलाओं, बच्चों और स्कूली छात्राओं को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस स्थिति के कारण क्षेत्र में असुरक्षा और भय का वातावरण बन गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि उन्होंने कई बार रामपुर बघेलान थाना पुलिस को इस संबंध में जानकारी दी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिसके चलते अवैध कारोबार करने वालों के हौसले बुलंद हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो युवाओं में नशे की प्रवृत्ति और अधिक बढ़ सकती है।
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन से मांग की है कि गांव में संचालित कथित अवैध नशे के कारोबार की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनी रहे और ग्रामीणों को सुरक्षित वातावरण मिल सके।

(नोट : समाचार में लगाए गए आरोप ग्रामीणों के बयानों पर आधारित हैं। संबंधित पक्ष का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।)

रिपोर्टर - अर्जुन तिवारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.