अमहिया पुलिस की बड़ी सफलता,शातिर वाहन चोर गिरफ्तार,चोरी की मोटरसाइकिल और ई-रिक्शा बरामद
रेवा : पुलिस अधीक्षक रीवा डॉ. गुरकरन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक-1 डॉ. रितु उपाध्याय के नेतृत्व में अमहिया पुलिस ने वाहन चोरी के दो मामलों का सफल खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल एवं ई-रिक्शा बरामद किया है।
थाना प्रभारी शिवा अग्रवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगातार निगरानी, सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण एवं मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपी तक पहुंचने में सफलता प्राप्त की।
ई-रिक्शा चोरी का मामला
पुलिस के अनुसार 14 फरवरी 2026 को फरियादी जितेन्द्र यादव ने थाना अमहिया में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका ई-रिक्शा क्रमांक MP17ZJ5245 सिरमौर चौराहा क्षेत्र से अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर लिया गया है। शिकायत पर थाना अमहिया में अपराध क्रमांक 25/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
घर के सामने से चोरी हुई मोटरसाइकिल
वहीं 21 मई 2026 को फरियादी धर्मेंद्र कुमार शाह ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी मोटरसाइकिल क्रमांक MP21MA4546 द्वारिका नगर स्थित उनके घर के सामने से चोरी हो गई है। इस मामले में अपराध क्रमांक 102/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर जांच प्रारंभ की गई।
सीसीटीवी और मुखबिर की सूचना से मिला सुराग
दोनों मामलों की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, फरियादियों एवं गवाहों के बयान दर्ज किए तथा मुखबिरों को सक्रिय किया। लगातार प्रयासों के बाद 31 मई 2026 को सूचना मिली कि एक संदिग्ध युवक मानस भवन क्षेत्र में अन्य वाहन चोरी करने की फिराक में घूम रहा है।
पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने दोनों वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी किया गया ई-रिक्शा बाणसागर तलैया के पास से तथा मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने आरोपी सौरभ पाण्डेय उर्फ अनुराग पाण्डेय (उम्र 20 वर्ष) पुत्र रामविलास पाण्डेय, निवासी रघुनाथपुर थाना सोहागी, हाल निवास साईं मंदिर के पास थाना सिविल लाइन, रीवा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
बरामद संपत्ति
एक हीरो होंडा मोटरसाइकिल, अनुमानित कीमत ₹50,000
एक ई-रिक्शा, अनुमानित कीमत ₹1,00,000
कुल बरामद संपत्ति का मूल्य लगभग ₹1.50 लाख बताया गया है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी शिवा अग्रवाल सहित प्रधान आरक्षक रामसखा वर्मा, प्रधान आरक्षक रामदेव मिश्रा, आरक्षक अनुज सिंह, दिवाकर तिवारी, विकास तिवारी, कौशलेंद्र सिंह एवं महिला आरक्षक श्रद्धा सिंह की सराहनीय भूमिका रही।
अमहिया पुलिस की इस कार्रवाई को वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी
No Previous Comments found.