AEG फाउंडेशन के ABF प्रोजेक्ट के तहत 1500 मृदा नमूने किए गए संग्रहित

रेवा - किसानों को उनकी भूमि की उर्वरता एवं पोषक तत्वों की सटीक जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से AEG फाउंडेशन द्वारा संचालित ABF प्रोजेक्ट के अंतर्गत सतना जिले में व्यापक मृदा परीक्षण अभियान चलाया गया। अभियान के तहत कृषि विशेषज्ञों एवं परियोजना टीम द्वारा किसानों के खेतों से वैज्ञानिक पद्धति के अनुसार मृदा नमूने एकत्रित कर परीक्षण हेतु कृषि विभाग को उपलब्ध कराए गए। इस विशेष अभियान के दौरान जिलेभर से कुल 1500 मृदा नमूने संग्रहित किए गए। मृदा परीक्षण के माध्यम से किसानों को उनकी भूमि में उपलब्ध आवश्यक पोषक तत्वों की वास्तविक स्थिति की जानकारी प्राप्त होगी, जिससे वे संतुलित उर्वरक प्रबंधन अपनाकर फसल उत्पादन, गुणवत्ता तथा भूमि की दीर्घकालिक उर्वरता में सुधार कर सकेंगे। यह अभियान कृषि विभाग के सहयोग एवं मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संचालित किया गया। अभियान के संचालन में कृषि विभाग नागोद के एसएडीओ श्री नीरज प्रजापति एवं एईओ श्री राजकुमार पटेल का महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
वहीं, AEG फाउंडेशन की सतना टीम के प्रोजेक्ट लीड श्री गौरव सिंह, प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर श्री हेमंत कुमार तथा एईएम रोहित तिवारी, सुमित कुमार और भानु सिंह ने मृदा नमूनों के संग्रहण एवं किसानों को जागरूक करने में अहम भूमिका निभाई। AEG फाउंडेशन का यह प्रयास किसानों को वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों से जोड़ने, मृदा स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा सतत एवं लाभकारी कृषि को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। संस्था का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़कर उनकी आय एवं उत्पादकता में वृद्धि करना है, जिससे कृषि क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।

रिपोर्टर - अर्जुन तिवारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.