भमरा की सरकारी गौशाला से 120 गौवंश लापता होने का मामला,आम आदमी पार्टी ने उठाए सवाल

रीवा : रीवा जिले की ग्राम पंचायत भमरा स्थित सरकारी गौशाला से लगभग 120 गौवंशों के कथित रूप से गायब होने का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। इस मामले को लेकर आम आदमी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष रवि पाण्डेय ने गंभीर सवाल उठाते हुए उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार,पिछले माह पशु चिकित्सा विभाग की टीम द्वारा गौशाला का निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान लगभग 120 गौवंशों की ईयर टैगिंग कर उनका विवरण शासकीय पोर्टल पर दर्ज किया गया था। लेकिन कुछ ही सप्ताह बाद इतनी बड़ी संख्या में गौवंशों के गौशाला में नहीं मिलने की जानकारी सामने आने से पूरे मामले पर संदेह के बादल मंडराने लगे हैं।
आम आदमी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष रवि पाण्डेय ने कहा कि जब सरकारी रिकॉर्ड और पशु चिकित्सकों द्वारा किए गए सत्यापन में 120 गौवंश दर्ज हैं,तो उनकी वर्तमान स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि गौशालाओं में होने वाली मैपिंग और फीडिंग प्रक्रिया संचालकों द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के आधार पर की जाती है। ऐसे में यदि दर्ज किए गए गौवंश मौके पर मौजूद नहीं हैं, तो इसकी जवाबदेही तय करते हुए संबंधित अधिकारियों और गौशाला संचालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
मामले को गंभीरता से लेते हुए उप संचालक, पशु चिकित्सा विभाग डॉ. योगेंद्र प्रताप सिंह ने जांच शुरू किए जाने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पशु चिकित्सकों द्वारा तैयार किए गए रिकॉर्ड, ईयर टैगिंग डेटा तथा गौशाला के स्टॉक रजिस्टर का मिलान कर वास्तविक स्थिति का पता लगाया जाएगा।
वहीं, पशु चिकित्सक डॉ. रवि ठाकुर ने बताया कि पिछले माह गौवंशों की मैपिंग एवं फीडिंग की गई थी, जिसमें लगभग 120 गौवंश दर्ज किए गए थे। उन्होंने कहा कि इस माह पुनः गौशाला का निरीक्षण कर मैपिंग और फीडिंग की जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उन्हें सार्वजनिक किया जाएगा।
फिलहाल प्रशासन द्वारा मामले की जांच जारी है और पूरे घटनाक्रम पर विभागीय अधिकारियों की नजर बनी हुई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि दर्ज किए गए गौवंशों की वास्तविक स्थिति क्या है और किसी स्तर पर अनियमितता हुई है या नहीं।

रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.