अभय मिश्रा के विवादित बयान पर रंजन गुप्ता बोले "यह लोकतंत्र नहीं, घमंड की भाषा है"
रेवा : सेमरिया से कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा द्वारा अपने ही प्रतिनिधि को संबोधित करते हुए दिए गए विवादित बयान— "तुम्हारे जैसे नेता मैं चुनाव के 6 महीने पहले पैदा कर देता हूं" — के बाद जिले की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। इस बयान को लेकर आमजन अधिकार पार्टी ने विधायक पर तीखा हमला बोला है।
आमजन अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रंजन गुप्ता ने बयान जारी कर कहा कि यह टिप्पणी लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है और सत्ता के अहंकार को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि द्वारा अपने ही कार्यकर्ता या प्रतिनिधि के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली भाषा का प्रयोग करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
रंजन गुप्ता ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस वर्षों से प्रदेश की राजनीति में आम जनता की आवाज को दबाने का कार्य करती रही हैं। उनके अनुसार दोनों दल एक ही सिक्के के दो पहलू हैं, जिनकी राजनीति सत्ता और स्वार्थ के इर्द-गिर्द केंद्रित रही है। उन्होंने दावा किया कि मध्यप्रदेश में लंबे समय तक ऐसा कोई मजबूत तीसरा राजनीतिक विकल्प नहीं था, जो आमजन की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाए और युवाओं को नेतृत्व का अवसर प्रदान करे।
उन्होंने कहा कि आज आमजन अधिकार पार्टी प्रदेश में आम जनता की आवाज बनकर उभर रही है तथा युवाओं को राजनीति में आगे बढ़ने के लिए एक सशक्त मंच उपलब्ध करा रही है। रंजन गुप्ता ने आरोप लगाया कि अभय मिश्रा का यह बयान उनके राजनीतिक अहंकार और कार्यकर्ताओं के प्रति असम्मानजनक सोच को उजागर करता है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में किसी नेता की पहचान उसके व्यवहार, संवेदनशीलता और कार्यकर्ताओं के प्रति सम्मान से होती है, न कि इस प्रकार की टिप्पणियों से। जनता अब ऐसी राजनीति को समझ चुकी है और आने वाले समय में इसका जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी।
रंजन गुप्ता ने मांग की कि जनप्रतिनिधियों को अपने शब्दों की मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए, क्योंकि उनके बयान समाज और राजनीतिक कार्यकर्ताओं के बीच व्यापक संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि राजनीति सेवा और सम्मान का माध्यम है, न कि किसी को छोटा दिखाने का मंच।
रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी
No Previous Comments found.