सेमरिया पुलिस का शिकंजा नाबालिग से छेड़छाड़ का फरार आरोपी दबोचा, पहले भी दर्ज है छेड़छाड़ का मामला
रीवा : सेमरिया थाना पुलिस ने नाबालिग से छेड़छाड़ और धमकी देने के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को पकड़कर न्यायालय में पेश कर दिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी के खिलाफ पहले से भी छेड़छाड़ का एक अन्य मामला दर्ज है, जिससे उसके आपराधिक रिकॉर्ड का खुलासा हुआ है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरण सिंह के निर्देशन,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मिश्रा एवं एसडीओपी रूपेंद्र धुर्वे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी शिवा अग्रवाल के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार,पीड़िता के परिजनों ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी ने नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़ की और घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायत के आधार पर थाना सेमरिया में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 78(2), 351(3) तथा पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।
मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी लगातार पुलिस से बचता फिर रहा था। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। आखिरकार विश्वसनीय मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 22 जुलाई 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विकाश सिंह पटेल (22 वर्ष), पिता बलवंत सिंह, निवासी ग्राम रहट रतेंगी टोला, थाना सेमरिया,जिला रीवा के रूप में हुई है।
महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी शिवा अग्रवाल,उपनिरीक्षक लंकेश वर्मा, प्रधान आरक्षक प्रमोद अग्निहोत्री, आरक्षक पंचमलाल प्रजापति एवं जीतेन्द्र बागरी की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं और नाबालिगों के विरुद्ध अपराध करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी
No Previous Comments found.