'नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0' अभियान के तहत रीवा में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन

रेवा : मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान के तहत रीवा जिले में युवाओं को नशे से दूर रखकर खेल एवं सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। मुख्य कार्यक्रम रीवा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित हुआ, जिसमें पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरण सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का भी प्रभावी रास्ता हैं।
अपने संबोधन में एसपी डॉ. गुरकरण सिंह ने युवाओं से आह्वान किया कि वे खेल, शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
अभियान के तहत थाना मनगवां,थाना गोविंदगढ़ एवं टीआरएस कॉलेज रीवा में भी विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों एवं युवाओं ने भाग लिया। पुलिस अधिकारियों ने प्रतिभागियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए खेलों से जुड़ने और दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।
रीवा पुलिस ने बताया कि "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान के अंतर्गत जिलेभर में लगातार जनजागरूकता एवं खेल गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि युवाओं में स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा मिले और नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प साकार हो सके।

रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.