मार्तण्ड एक्सीलेंस स्कूल में गूंजा नशामुक्ति और कानून का संदेश,थर्ड आई ऑर्गनाइजेशन फॉर जस्टिस ने छात्रों को किया जागरूक

रीवा : समाज में बढ़ते नशे और बाल अपराध जैसी गंभीर चुनौतियों के बीच थर्ड आई ऑर्गनाइजेशन फॉर जस्टिस ने मार्तण्ड एक्सीलेंस स्कूल, रीवा में विधिक जागरूकता एवं नशामुक्ति विषय पर प्रभावशाली सेमिनार आयोजित कर छात्रों को कानून, सामाजिक जिम्मेदारियों और नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने भाग लिया। छात्रों ने नारी शक्ति,नशामुक्ति,बाल अपराध और सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे विषयों पर अपने विचार रखे और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज का भविष्य बर्बाद कर देता है। युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा, अनुशासन और कानून का सम्मान करते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
सेमिनार को संबोधित करते हुए एडवोकेट राजीव सिंह परिहार (शेरा सिंह) ने छात्रों को उनके संवैधानिक अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी दी। मध्यप्रदेश हाईकोर्ट, जबलपुर के अधिवक्ता हिमांशु शुक्ला, एडवोकेट ध्रुवनारायण शुक्ला, समाजसेवी सुमित सिंह, विद्यालय के प्राचार्य जेपी जायसवाल,अमन सिंह बघेल एवं श्रुति सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों से कानून का पालन करने, सामाजिक बुराइयों के खिलाफ आवाज उठाने और नशे से दूर रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी विद्यार्थियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण और विधिक जागरूक नागरिक बनने की शपथ ली। आयोजन को विद्यार्थियों और शिक्षकों ने सराहा तथा इसे समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.