SP से शिकायत के कुछ देर बाद 'जान लेने की कोशिश' का आरोप
रीवा - जिले में कथित शराब माफियाओं के खिलाफ शिकायत करना एक सामाजिक कार्यकर्ता को भारी पड़ गया। युवा कांग्रेस अध्यक्ष एवं आरटीआई सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश तिवारी ने आरोप लगाया है कि पुलिस अधीक्षक (SP) से शिकायत कर लौटने के कुछ ही देर बाद उन्हें रास्ते में वाहन से कुचलकर जान से मारने की कोशिश की गई।
प्रकाश तिवारी का दावा है कि वह शराब माफियाओं की कथित गतिविधियों और अपने खिलाफ रचे जा रहे षड्यंत्र की शिकायत लेकर एसपी कार्यालय से लौट रहे थे। आरोप है कि रात करीब 8:50 से 8:55 बजे मनगवां कंपोजिट शराब दुकान के पास से निकलते ही बिना नंबर प्लेट और काले शीशे वाली सफेद बोलेरो ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि बोलेरो उनके गांव तक पीछा करती रही और खड़ामा मोड़, घर से लगभग 500 मीटर पहले,उन्हें वाहन से कुचलने का प्रयास किया गया। किसी तरह जान बचाकर घर पहुंचने के बाद उन्होंने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस शिकायत का क्रमांक POL27072607044 बताया गया है।
प्रकाश तिवारी ने आशंका जताई है कि इस पूरे घटनाक्रम में शराब माफियाओं,आबकारी विभाग के कुछ लोगों अथवा उनकी पूर्व शिकायतों से जुड़े व्यक्तियों की मिलीभगत हो सकती है। हालांकि, इन आरोपों की अभी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
उन्होंने आईजी रीवा और एसपी रीवा से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराए जाने, संबंधित मार्गों के सीसीटीवी फुटेज, सीडीआर (कॉल डिटेल रिकॉर्ड) तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, तो युवा साथियों के साथ आंदोलन शुरू किया जाएगा। फिलहाल पुलिस की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। मामले की जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति और आरोपों की सत्यता स्पष्ट हो सकेगी।
रिपोर्टर - अर्जुन तिवारी
No Previous Comments found.