सत्ता की उल्टी गिनती! पीआईसी का आखिरी सदस्य भी इस्तीफा देकर बाहर

रेवा - नगर परिषद गुढ़ में सियासी संकट अब चरम पर पहुंच गया है। अध्यक्ष अर्चना सिंह के खिलाफ चल रहे विरोध के बीच प्रेसिडेंट-इन-काउंसिल (पीआईसी) के अंतिम सदस्य एवं वार्ड क्रमांक-1 के पार्षद अशोक कुमार कचेर ने भी अपने पद से इस्तीफा देकर राजनीतिक हलकों में भूचाल ला दिया है। इस इस्तीफे के बाद परिषद की पीआईसी पूरी तरह खाली हो गई है, जिससे अध्यक्ष की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। मुख्य नगर पालिका अधिकारी के माध्यम से अध्यक्ष के नाम सौंपे गए इस्तीफे में अशोक कुमार कचेर ने अध्यक्ष की कार्यशैली पर तीखे आरोप लगाते हुए नगर परिषद में कथित भ्रष्टाचार का उल्लेख किया है। उन्होंने लिखा है कि मौजूदा परिस्थितियों में पीआईसी सदस्य बने रहना उनके लिए नैतिक रूप से संभव नहीं है, इसलिए उनका इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार किया जाए।

सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि अशोक कुमार कचेर ने अध्यक्ष के खिलाफ 13 पार्षदों द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव का भी खुलकर समर्थन किया है। इससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि परिषद में अध्यक्ष के खिलाफ विरोध अब निर्णायक स्थिति में पहुंच चुका है और सत्ता का समीकरण तेजी से बदल रहा है। नगर परिषद की राजनीति पर नजर रखने वाले लोगों का मानना है कि पीआईसी के अंतिम सदस्य का भी पद छोड़ देना केवल एक औपचारिक इस्तीफा नहीं, बल्कि अध्यक्ष के नेतृत्व के प्रति गहराते असंतोष का बड़ा राजनीतिक संदेश है। लगातार बढ़ते विरोध और अविश्वास प्रस्ताव के बीच यह घटनाक्रम आने वाले दिनों में नगर परिषद की सत्ता में बड़े बदलाव का संकेत माना जा रहा है। अब पूरे क्षेत्र की निगाहें अविश्वास प्रस्ताव की आगामी प्रक्रिया पर टिकी हैं। यदि वर्तमान परिस्थितियां इसी तरह बनी रहीं तो गुढ़ नगर परिषद की राजनीति में बड़ा उलटफेर होना लगभग तय माना जा रहा है।

रिपोर्टर - अर्जुन 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.