वर्षों से अधूरी सबमाइनर नहर बनी ग्रामीणों के लिए आफत,खेतों और घरों में घुस रहा पानी ठेकेदारों पर लापरवाही के गंभीर आरोप
रीवा : रीवा जिले के ग्राम रूपौली में अपर पूर्वा सबमाइनर नहर का अधूरा निर्माण कार्य ग्रामीणों और किसानों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई वर्ष बीत जाने के बावजूद भी नहर की खुदाई पूरी नहीं कराई गई और आवश्यक पुलियाओं का निर्माण भी अधूरा छोड़ दिया गया। परिणामस्वरूप, नहर में पानी छोड़े जाते ही पानी गांव की आबादी और किसानों के खेतों में भर जाता है।
ग्रामीणों के अनुसार,ग्राम रूपौली जल उपभोक्ता संस्था रहट के अंतर्गत आता है, जहां ठेकेदारों के माध्यम से सबमाइनर नहर का निर्माण कार्य कराया गया था। लेकिन निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने से नहर का जल प्रवाह बाधित हो रहा है। पर्याप्त खुदाई न होने के कारण पानी निर्धारित मार्ग से बहने के बजाय गांव की बस्ती में घुस जाता है और कई घरों तक पहुंच जाता है।
किसानों का कहना है कि अधूरी नहर और पुलियाओं के अभाव में नहर का पानी लगातार खेतों में भर रहा है, जिससे फसलें प्रभावित हो रही हैं और उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस गंभीर समस्या की शिकायत कई बार संबंधित विभाग और प्रशासन से की गई,लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि अपर पूर्वा सबमाइनर नहर की खुदाई तत्काल पूर्ण कराई जाए, अधूरी पुलियाओं का निर्माण कराया जाए तथा निर्माण कार्य में हुई कथित लापरवाही की तकनीकी जांच कराकर दोषी अधिकारियों और ठेकेदारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो वे जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी।
रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी
No Previous Comments found.