गुढ़ नगर परिषद अध्यक्ष की सोशल मीडिया में अमर्यादित भाषा पर मचा बवाल!

रेवा - अविश्वास के विरोध के बीच कथित फेसबुक कमेंट्स वायरल,अध्यक्ष के नाम से लिखे शब्दों पर उठे गंभीर सवाल—“क्या संवैधानिक पद पर बैठे जनप्रतिनिधि को ऐसी भाषा शोभा देती है?” रीवा जिले के गुढ़ नगर परिषद की राजनीति इन दिनों आरोप-प्रत्यारोप के बीच और गरमा गई है। नगर परिषद अध्यक्ष डॉ.अर्चना सिंह के खिलाफ पार्षदों और नगर की जनता के विरोध के बीच अब सोशल मीडिया पर सामने आए कुछ कथित फेसबुक कमेंट्स ने विवाद को और हवा दे दी है।
वायरल स्क्रीनशॉट में गुढ नगर परिषद अध्यक्ष “DrArchana Singh” नाम की फेसबुक प्रोफाइल से किए गए कई कमेंट दिखाई दे रहे हैं, जिनमें विरोध करने वाले लोगों के साथ बेहद व्यक्तिगत और आपत्तिजनक लहजे में जवाब दिए जाने का दावा किया जा रहा है। एक टिप्पणी में लिखा नजर आ रहा है—“तेरी चाची इतनी गर्म रहती हैं लगता है चाचा तेरा नपुंसक है”, जबकि एक अन्य टिप्पणी में “प्रेशर तुम डालो में गांजा नहीं पीती और ना कोरेक्स...” जैसे शब्द दिखाई दे रहे हैं।
एक अन्य कमेंट में “दिल्ली में बैठकर लिखने वाले अपने जीवन की उपलब्धि बताएं...” जैसी टिप्पणी भी दिखाई देती है। वहीं एक अन्य जवाब में “वो रीवा आंगनवाड़ी में है” लिखा नजर आ रहा है।

अध्यक्ष के नाम से दिख रहे कमेंट्स ने खड़े किए गंभीर सवाल

सोशल मीडिया पर वायरल इन स्क्रीनशॉट को लेकर अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि यदि ये कमेंट वास्तव में नगर परिषद अध्यक्ष डॉ.अर्चना सिंह के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से किए गए हैं, तो क्या एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि को सार्वजनिक बहस में इस तरह की व्यक्तिगत और कथित अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करना उचित है? नगर परिषद अध्यक्ष का पद महज राजनीतिक पद नहीं, बल्कि जनता के प्रतिनिधित्व और सार्वजनिक गरिमा से जुड़ा पद है। ऐसे में राजनीतिक विरोधियों या आलोचकों के सवालों का जवाब तथ्यों,विकास कार्यों और संवैधानिक मर्यादा के साथ दिए जाने की अपेक्षा की जाती है।

14 पार्षदों के विरोध के बीच बढ़ा विवाद

गुढ़ नगर परिषद में अध्यक्ष के खिलाफ 14 पार्षदों के विरोध और अविश्वास की चर्चा के बीच सोशल मीडिया विवाद ने राजनीतिक तापमान और बढ़ा दिया है। विरोधी पक्ष जहां अध्यक्ष की कार्यशैली पर सवाल उठा रहा है,वहीं अब सोशल मीडिया पर सामने आए कथित कमेंट्स को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। हालांकि,वायरल स्क्रीनशॉट की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। इसलिए यह भी जरूरी है कि अध्यक्ष डॉ.अर्चना सिंह स्वयं स्पष्ट करें कि वायरल स्क्रीनशॉट में दिखाई दे रहा अकाउंट उनका ही है और उसमें लिखे कमेंट उन्हीं द्वारा किए गए हैं अथवा नहीं।

जनता का सवाल—विरोध का जवाब गाली-गलौज से या विकास से?

नगर की राजनीति में मतभेद और विरोध लोकतंत्र का हिस्सा हैं। लेकिन जनता के बीच अब यह सवाल चर्चा में है कि जनप्रतिनिधि अपने विरोधियों और आलोचकों को जवाब किस भाषा में दें? गुढ़ की जनता यह भी पूछ रही है कि यदि अध्यक्ष के खिलाफ पार्षद और नागरिक असंतोष जता रहे हैं, तो उसका जवाब कामकाज का रिपोर्ट कार्ड रखकर दिया जाना चाहिए या सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत टिप्पणियों के जरिए? अब निगाहें इस बात पर हैं कि वायरल स्क्रीनशॉट पर नगर परिषद अध्यक्ष डॉ. अर्चना सिंह क्या स्पष्टीकरण देती हैं और क्या वे इन कथित टिप्पणियों को अपना मानती हैं या इससे इनकार करती हैं।

रिपोर्टर - अर्जुन तिवारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.