अमहिया पुलिस का शिकंजा: अस्पताल और मैरिज गार्डन से बाइक उड़ाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

रीवा : रीवा शहर में पार्किंग और सार्वजनिक स्थलों से मोटरसाइकिल चोरी करने वाले आरोपियों पर अमहिया पुलिस ने शिकंजा कसते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो HF Deluxe मोटरसाइकिलें, जिनकी कुल कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है, बरामद की हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें केंद्रीय जेल रीवा भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक रीवा डॉ. गुरकरन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भावना मरावी के निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. रितु उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अमहिया निरीक्षक मनोज कुमार गौतम ने वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए टीम गठित की थी।
संजय गांधी अस्पताल से बाइक चोरी
पहली घटना 27 जून 2026 की है। फरियादी लक्ष्मीकांत तिवारी निवासी अनंतपुर अपनी पत्नी का उपचार कराने संजय गांधी अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने अपनी HF Deluxe मोटरसाइकिल अस्पताल परिसर में खड़ी की और पत्नी के उपचार के लिए अंदर चले गए। वापस लौटने पर मोटरसाइकिल मौके से गायब मिली। काफी तलाश के बाद भी बाइक का पता नहीं चला,जिसके बाद अमहिया थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
रामगोविंद पैलेस की पार्किंग भी नहीं रही सुरक्षित
दूसरी घटना 9 अगस्त 2026 की बताई गई है। करण सिंह निवासी विश्वविद्यालय कॉलोनी ने शिकायत दर्ज कराई कि उनका पुत्र HF Deluxe मोटरसाइकिल से रामगोविंद पैलेस गया था। बाइक पार्किंग में खड़ी करने के महज करीब 15 मिनट बाद वापस आया तो मोटरसाइकिल गायब थी। मामले में भी अमहिया थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पूछताछ में खुला चोरी का राज
दोनों मामलों की विवेचना के दौरान पुलिस ने आकाश शुक्ला (19), निवासी अमिलकी, थाना गोविंदगढ़ तथा अतुल तिवारी (20), निवासी मनकहरी, थाना सगरा, रीवा को दस्तयाब कर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी की मोटरसाइकिलें अपने पास रखना स्वीकार किया। इसके बाद दोनों को मामले में गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें केंद्रीय जेल रीवा भेज दिया गया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार गौतम, सउनि सुरेश शुक्ला, प्रधान आरक्षक केमला प्रसाद, प्रधान आरक्षक रामदेव मिश्रा, आरक्षक विकास तिवारी, अनुज सिंह, दिवाकर तिवारी, शंकरदत्त, आकाश मिश्रा और श्याम पांडेय की सराहनीय भूमिका रही।

बरामदगी 02 HF Deluxe मोटरसाइकिल
अनुमानित कीमत ₹1,50,000

रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.