‘गलत इंजेक्शन’ की खबर पर SGMH का बड़ा पलटवार!अस्पताल प्रबंधन बोले मरीज को दिया गया सही एंटी रेबीज इंजेक्शन

रीवा : स्नेक बाइट बताकर अस्पताल पहुंचा था मरीज,जांच के दौरान खुद बताई कुत्ते के काटने की बात,प्रबंधन ने आरोपों को बताया भ्रामक और तथ्यहीन!

रीवा संजय गांधी स्मारक चिकित्सालय में एंटी रेबीज की जगह एंटी स्नेक वेनम इंजेक्शन लगाए जाने के आरोप वाली खबर को लेकर अस्पताल प्रबंधन ने अब अपना आधिकारिक पक्ष सामने रखा है। चिकित्सालय प्रशासन ने 7 सितंबर को प्रकाशित खबर का खंडन करते हुए इसे भ्रामक, तथ्यहीन और निराधार बताया है।
पहले बताया ‘स्नेक बाइट’, बाद में कहा कुत्ते ने काटा
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, 5 सितंबर की शाम 18 वर्षीय आयुष सिंह उपचार के लिए आपातकालीन चिकित्सा विभाग पहुंचे थे। प्राथमिक परीक्षण के दौरान मरीज ने स्वयं स्नेक बाइट की जानकारी दी, जिसके आधार पर ओपीडी पर्ची में भी यही शिकायत दर्ज की गई।
अस्पताल का कहना है कि वरिष्ठ चिकित्सकों के निर्देशन में परीक्षण के दौरान मरीज ने स्पष्ट किया कि उसे वास्तव में कुत्ते ने काटा था और गलती से उसने सर्पदंश बता दिया था।
स्थिति साफ होते ही दिया गया एंटी रेबीज इंजेक्शन
प्रबंधन के मुताबिक, वास्तविक स्थिति स्पष्ट होने के बाद चिकित्सकों ने डॉग बाइट के निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत मरीज को एंटी रेबीज इंजेक्शन दिया। अस्पताल ने स्पष्ट किया कि सर्पदंश के मामलों में इस्तेमाल होने वाला एंटी स्नेक वेनम भर्ती प्रक्रिया के बाद दिया जाता है, जबकि डॉग बाइट में एंटी रेबीज वैक्सीन ओपीडी के आधार पर दी जाती है।
यानी अस्पताल प्रबंधन के आधिकारिक स्पष्टीकरण के मुताबिक संबंधित मरीज को गलत इंजेक्शन नहीं, बल्कि डॉग बाइट के अनुरूप एंटी रेबीज इंजेक्शन ही दिया गया।
अस्पताल प्रबंधन ने कहा इलाज में नहीं हुई कोई लापरवाही
संयुक्त संचालक एवं अधीक्षक,गांधी स्मारक चिकित्सालय रीवा प्रियंका शर्मा की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि मरीज की देखभाल और उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं हुई तथा निर्धारित चिकित्सा प्रोटोकॉल का पालन किया गया।
अस्पताल के इस खंडन के बाद ‘गलत इंजेक्शन’ लगाए जाने के आरोप पर सवाल खड़े हो गए हैं। अब अस्पताल प्रशासन का आधिकारिक पक्ष सामने आने के बाद पूरे घटनाक्रम को मरीज द्वारा शुरुआत में दी गई जानकारी और बाद में सामने आई वास्तविक जानकारी के संदर्भ में देखा जा रहा है।

रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.