संजय गांधी अस्पताल पर सेमरिया विधायक अभय मिश्रा का सनसनीखेज आरोप,बोले“पोस्टमार्टम के दौरान शवों के साथ रेप होता है
रीवा - जिले के संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय में जच्चा-बच्चा की मौत के बाद पहले से गरमाया विवाद अब एक और सनसनीखेज बयान के चलते राजनीतिक तूल पकड़ता नजर आ रहा है। जच्चा-बच्चा मौत मामले को लेकर चल रहे धरना-प्रदर्शन के दौरान सेमरिया विधायक अभय मिश्रा ने अस्पताल की कार्यप्रणाली और पोस्टमार्टम व्यवस्था को लेकर बेहद गंभीर और आपत्तिजनक आरोप लगाए हैं। विधायक का एक वीडियो सामने आया है,जिसमें वे कथित तौर पर संजय गांधी अस्पताल में सुंदर महिलाओं की मौत के बाद पोस्टमार्टम के दौरान शवों के साथ दुष्कर्म किए जाने जैसी गंभीर बात कहते नजर आ रहे हैं। विधायक के इस बयान के सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली के साथ-साथ पोस्टमार्टम व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
धरना स्थल से विधायक का बड़ा दावा,अब प्रमाण पर उठे सवाल
जच्चा-बच्चा मौत मामले को लेकर परिजनों और विभिन्न संगठनों का विरोध-प्रदर्शन लगातार जारी है। इसी दौरान धरना स्थल पर पहुंचे विधायक अभय मिश्रा ने अस्पताल की व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताते हुए कई गंभीर आरोप लगाए। इसी क्रम में पोस्टमार्टम के दौरान शवों की बेअदबी को लेकर उनकी टिप्पणी ने विवाद को और बढ़ा दिया। हालांकि, इतने गंभीर आरोपों के समर्थन में विधायक के पास कौन से तथ्य, दस्तावेज या प्रमाण हैं, यह अभी स्पष्ट नहीं है। यदि आरोप किसी वास्तविक घटना पर आधारित हैं तो उसकी निष्पक्ष जांच और तथ्य सामने आना बेहद जरूरी होगा।
वीडियो वायरल, अस्पताल प्रबंधन की चुप्पी से बढ़ी चर्चा
विधायक के कथित बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। अब निगाहें अस्पताल प्रबंधन और प्रशासन की प्रतिक्रिया पर हैं। सवाल यह भी है कि यदि विधायक द्वारा लगाए गए आरोप निराधार हैं तो अस्पताल प्रशासन की ओर से क्या कार्रवाई या स्पष्टीकरण सामने आता है, और यदि आरोपों में तथ्य हैं तो उनकी जांच कब और किस स्तर पर होगी? जच्चा-बच्चा मौत मामले की जांच पहले से प्रशासनिक स्तर पर चल रही है। ऐसे में विधायक के इस नए कथित आरोप ने संजय गांधी अस्पताल को लेकर चल रही बहस को और अधिक गंभीर बना दिया है।
रिपोर्टर - अर्जुन तिवारी
No Previous Comments found.