आंगनवाड़ी केंद्र से नाबालिग को बोरी में भरकर ले गए,सीधी में छिपाया,6 घंटे में पुलिस ने छुड़ाया

रेवा : खबर मध्यप्रदेश के रीवा जिले से है जहां शहर के समान थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है।आरोप है कि बालिका को आंगनवाड़ी केंद्र से बोरी में भरकर दोपहिया वाहन से करीब 100 किलोमीटर दूर सीधी जिले ले जाया गया,जहां उसे एक दूरस्थ ग्रामीण इलाके में छिपाकर रखा गया था। सूचना मिलते ही समान थाना पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए करीब छह घंटे के भीतर बालिका को सकुशल बरामद कर लिया। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।पुलिस के मुताबिक 23 सितंबर की रात करीब 8:30 बजे नाबालिग के परिजनों ने समान थाने पहुंचकर उसकी गुमशुदगी की सूचना दी। आसपास और संभावित स्थानों पर तलाश के बाद भी जब बालिका का पता नहीं चला तो पुलिस ने धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र ने खोला राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान पुलिस को चार संदिग्धों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को पता चला कि बालिका को आंगनवाड़ी केंद्र से बोरी में भरकर दोपहिया वाहन के जरिए सीधी जिले की ओर ले जाया गया था।
100 किमी दूर सुनसान इलाके में मिली बालिका
सुराग मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई। एएसपी भावना मरावी और सीएसपी कोतवाली राजीव पाठक के नेतृत्व में समान थाना पुलिस की टीम तत्काल सीधी के लिए रवाना हुई। पुलिस ने सीधी जिले में शिकारगंज से आगे एक दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्र में दबिश देकर बालिका को सकुशल बरामद कर लिया।पुलिस की त्वरित कार्रवाई से अपहरण के महज कुछ घंटों के भीतर नाबालिग को आरोपियों के चंगुल से छुड़ा लिया गया। बाद में बालिका को आवश्यक कार्रवाई के बाद परिजनों के सुपुर्द किया गया।
चार आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ जारी
पुलिस ने मामले में रविशंकर मालवीय (40),केशकली कोल (37), रिया वर्मा (20) और रीनू रावत (25) को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि अपहरण की साजिश क्यों रची गई, इसमें किसकी क्या भूमिका थी और बालिका को सीधी ले जाने के पीछे वास्तविक मकसद क्या था।
कार्रवाई में एएसपी भावना मरावी,सीएसपी राजीव पाठक,समान थाना प्रभारी निरीक्षक आशीष मिश्रा सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.