SGMH में बाइक चोरों का खेल खत्म!अमहिया पुलिस ने दबोचे दो शातिर चोर,4 चोरी की बाइक बरामद
रीवा : रीवा जिले के संजय गांधी अस्पताल और सुपर स्पेशलिटी अस्पताल परिसर में लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों ने मरीजों और उनके परिजनों की चिंता बढ़ा दी थी। अस्पताल में इलाज कराने आने वाले लोगों की बाइक पर हाथ साफ करने वाले दो शातिर चोरों पर आखिरकार अमहिया पुलिस ने शिकंजा कस दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 90 हजार रुपये बताई गई है।
शिकायत मिलते ही सक्रिय हुई पुलिस,संदिग्धों पर रखी नजर
अस्पताल परिसर से मोटरसाइकिल चोरी होने के संबंध में फरियादी मुकेश तिवारी और दिनेश साकेत ने अमहिया थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस ने संदिग्धों की गतिविधियों पर निगरानी शुरू की और जांच के दौरान गया प्रसाद केवट उम्र 19 वर्ष निवासी ककलपुर, सतना तथा दीपक केवट उम्र 19 वर्ष निवासी बड़ी गोरगी, रीवा को हिरासत में लेकर पूछताछ की।पुलिस के मुताबिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने वाहन चोरी की वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एक अपाचे, एक पल्सर और दो स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें बरामद कीं।
अस्पताल बना था निशाना, पार्किंग से गायब कर देते थे बाइक
पुलिस की कार्रवाई से यह साफ हुआ कि अस्पताल परिसर में आने वाले लोगों के वाहन चोरों के निशाने पर थे। इलाज और मरीज की देखभाल में व्यस्त परिजनों को इसकी भनक तक नहीं लगती और मौका मिलते ही बाइक लेकर आरोपी फरार हो जाते थे।चार मोटरसाइकिलों की बरामदगी के बाद पुलिस अब आरोपियों से यह भी पता लगाने में जुटी है कि उन्होंने और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है तथा चोरी के वाहनों को कहां खपाया जाता था।
एसपी के निर्देशन में कार्रवाई, दो आरोपी न्यायालय में पेश
पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरन सिंह एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भावना मरावी के निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक आलोक वर्मा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
अमहिया पुलिस की इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार गौतम, सउनि मनोज प्रजापति, प्रधान आरक्षक केमला प्रसाद,महिला प्रधान आरक्षक शबाना बेगम,आरक्षक विकास तिवारी,अनुज सिंह, शंकरदत्त एवं योगेश सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
थाना प्रभारी बोले—अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थानों पर अपराधियों की खैर नहीं
थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार गौतम ने बताया कि संजय गांधी अस्पताल और सुपर स्पेशलिस्ट अस्पताल परिसर में वाहन चोरी की शिकायतों को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से चार चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। सार्वजनिक स्थानों और अस्पताल परिसरों में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी

No Previous Comments found.