बीजेपी के चौकीदार हैं ज्ञानेश कुमार - शिव सिंह
रीवा : देश के 26वें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विरुद्ध दो चुनाव आयुक्तों ने चुनाव आयोग के कदमों को लेकर 10 महीने में 14 बार आपत्ति दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार ये आपत्तियां चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने खुद को अंधेरे में रखने से लेकर नए मतदाताओं को जोड़ने और नाम हटाने को लेकर दर्ज कराईं और अनधिकृत, गैरकानूनी कदमों पर भी सवाल उठाए हैं।
इसको लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एड. शिव सिंह पटेल ने कहा कि देश का विपक्ष जब चुनाव प्रक्रिया को लेकर ज्ञानेश कुमार की भूमिका पर सवाल उठाता था, तब बीजेपी नेतृत्व यह कहता था कि विपक्ष राजनीति कर रहा है। और आज जब निर्वाचन आयोग के प्रमुख दो सदस्यों द्वारा की गई आपत्तियों का खुलासा हुआ, तब भाजपा नेतृत्व एवं सरकार के लोग सभी चुप हैं।
शिव सिंह ने कहा कि निर्वाचन आयोग संविधान के अनुच्छेद 324 के तहत गठित एक संवैधानिक संस्था है, जिसमें मुख्य चुनाव आयुक्त के साथ दो अन्य सदस्य होते हैं और तीनों की सहमति से ही देश की चुनाव प्रक्रिया चलती है। यहाँ भी आपसी मतभेद की स्थिति पर बहुमत का फैसला लागू होता है।
शिव सिंह ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पक्ष में बहुमत नहीं है, उन्हें नैतिकता के आधार पर देश के महत्वपूर्ण पद से हट जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार ने संवैधानिक पद पर रहकर लोकतंत्र की हत्या की है। उन्होंने बीजेपी का चौकीदार बनकर काम किया है। वह संवैधानिक बहुमत खो चुके हैं, उनके विरुद्ध देशद्रोह का मुकदमा चलाया जाना चाहिए।
रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी

No Previous Comments found.