स्कूल पहुंचीं थाना प्रभारी निशा मिश्रा,बच्चों को सिखाया सुरक्षा का पाठ

रीवा : गुड टच-बैड टच से लेकर ट्रैफिक नियमों तक समझाया, बोलीं पुलिस से डरें नहीं, जरूरत पड़े तो सीधे थाने आएं।किला स्थित बांधो पब्लिक स्कूल में जागरूकता अभियान, अजनबियों से सतर्क रहने और आपात स्थिति में पुलिस की मदद लेने की दी सीख!

अपराध से बचाव केवल कार्रवाई तक सीमित नहीं,बल्कि बच्चों को जागरूक करना भी पुलिस की अहम जिम्मेदारी है। इसी सोच के साथ सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निशा मिश्रा ने किला स्थित बांधो पब्लिक स्कूल पहुंचकर विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया और उन्हें सुरक्षा व कानून से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी।संवाद के दौरान थाना प्रभारी निशा मिश्रा ने बच्चों को गुड टच और बैड टच, अजनबियों से सावधान रहने, किसी अनजान व्यक्ति पर तुरंत भरोसा नहीं करने तथा किसी भी संदिग्ध परिस्थिति में अभिभावकों और पुलिस को जानकारी देने के लिए जागरूक किया।
हेलमेट नहीं तो खतरा बड़ा
थाना प्रभारी ने बच्चों को सड़क सुरक्षा के प्रति भी गंभीरता बरतने की समझाइश दी। ट्रैफिक नियमों का पालन, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य उपयोग और सड़क पर सावधानी बरतने की बात कही गई। बच्चों को समझाया गया कि छोटी सी लापरवाही गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।
"पुलिस से डरने की जरूरत नहीं"
थाना प्रभारी निशा मिश्रा ने बच्चों से कहा कि पुलिस से डरने की जरूरत नहीं है। पुलिस आपकी सहायता और सुरक्षा के लिए है। किसी भी आपात स्थिति, परेशानी या खतरे की आशंका होने पर घबराने के बजाय तत्काल नजदीकी थाने या पुलिस से संपर्क करना चाहिए।
स्कूलों तक पहुंचेगा जागरूकता का संदेश
कार्यक्रम में स्कूल के प्राचार्य, शिक्षक,विद्यार्थी और अभिभावक मौजूद रहे।पुलिस द्वारा स्कूल परिसर में पहुंचकर बच्चों से सीधे संवाद करने की पहल को सुरक्षा और जागरूकता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। ऐसे अभियानों के जरिए बच्चों को कानून की जानकारी देने के साथ-साथ उन्हें अपने अधिकारों, सुरक्षा और आपात परिस्थितियों में सही कदम उठाने के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.