दंडवत परिक्रमा करते कलेक्ट्रेट पहुंचे NSUI कार्यकर्ता,AP SU पर लगाए गंभीर सवाल

रेवा : परीक्षा-परिणाम से लेकर नियुक्ति और वित्तीय मामलों तक उठाए सवाल, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन!तीन दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो सोमवार से विश्वविद्यालय गेट पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल की चेतावनी! खबर मध्यप्रदेश के रीवा जिले से है जहां पर अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय में कथित अनियमितताओं और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर शुक्रवार को NSUI ने विरोध का अनोखा और आक्रामक तरीका अपनाया। NSUI जिलाध्यक्ष पंकज उपाध्याय के नेतृत्व में छात्र और कार्यकर्ता करीब दो किलोमीटर तक दंडवत परिक्रमा करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। जमीन पर लेट-लेटकर आगे बढ़ते कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन ने विश्वविद्यालय की व्यवस्थाओं और कथित अनियमितताओं को लेकर सवाल खड़े किए। कलेक्ट्रेट पहुंचकर NSUI प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में विश्वविद्यालय में परीक्षा एवं परिणामों में कथित विलंब,नियुक्तियों, वित्तीय मामलों,विजिटिंग फैकल्टी,छात्रवृत्ति और शासकीय योजनाओं सहित कई मुद्दों की जांच की मांग की गई।

परीक्षा-परिणाम से वित्तीय व्यवस्था तक सवालों की बौछार
NSUI ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों से जुड़े महत्वपूर्ण मामलों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित किए जाने की जरूरत है। संगठन ने परीक्षा और परिणाम प्रक्रिया, नियुक्तियों तथा वित्तीय मामलों में कथित अनियमितताओं की स्वतंत्र, निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि जांच के दौरान यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी की जिम्मेदारी अथवा अनियमितता सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
पंकज उपाध्याय बोले—विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
NSUI जिलाध्यक्ष पंकज उपाध्याय ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ी संस्था है। परीक्षा, परिणाम, नियुक्ति, वित्तीय व्यवस्था और छात्रवृत्ति जैसे मामलों में पारदर्शिता बेहद जरूरी है। संगठन द्वारा उठाए गए सवालों और प्रस्तुत दस्तावेजों की जांच कर वास्तविक स्थिति सार्वजनिक की जानी चाहिए।
तीन दिन की मोहलत, फिर भूख हड़ताल
प्रदर्शन के दौरान NSUI ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी। पंकज उपाध्याय ने कहा कि तीन दिनों के भीतर ज्ञापन में उठाए गए मुद्दों पर संतोषजनक कार्रवाई या जवाब नहीं मिला तो सोमवार से अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार के बाहर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की जाएगी।
प्रदर्शन के बाद NSUI प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर से मुलाकात की। कलेक्टर की ओर से ज्ञापन में उठाए गए मामलों की जांच कर संगठन को अवगत कराने का आश्वासन दिया गया।
बड़ी संख्या में छात्र रहे मौजूद
प्रदर्शन में सत्यम शुक्ला, अमन द्विवेदी, गौरव पांडे, रविसन साकेत, अनिकेत पयासी, मोहित शुक्ला, संस्कार त्रिपाठी, वेद नारायण तिवारी, अर्पित तिवारी, अजय सिंह, विषुवर्धन सिंह, शक्ति पाठक, अनुराग मिश्रा, पीयूष सिंह सहित बड़ी संख्या में छात्र नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.